हिसार/बालसमंद। एक महीने पहले जिस घर में बेटी के जन्म की खुशियां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा है। एक महीने की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया। गांव किरतान निवासी नरेश सोमवार को अपने साढ़ू कुलदीप और उसके दोस्त संदीप को फतेहाबाद के गांव ढाणी गोपाल छोड़ने जा रहा था।
सिरसा के चोपटा के पास उसकी टियागो कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में नरेश, कुलदीप और संदीप की मौत हो गई। मंगलवार देर शाम नरेश का गांव किरतान में अंतिम संस्कार किया गया। गांव निवासी मुकेश ने बताया कि नरेश की पिछले साल शादी हुई थी।
करीब एक महीने पहले ही वह बेटी का पिता बना था। दिवाली पर उसका साढ़ू कुलदीप बेटी को आशीर्वाद देने गांव आया था। कुलदीप के साथ उसका दोस्त संदीप भी था। सोमवार को नरेश दोनों को छोड़ने ढाणी गोपाल जा रहा था, लेकिन रास्ते में हादसे ने तीनों की जान ले ली।
नरेश का बड़ा भाई विनोद है। दोनों भाई मारबल पत्थर लगाने का काम करते थे, जबकि पिता रणबीर चिनाई मिस्त्री हैं। मां सरोज अपने चारों भाइयों की मौत के बाद मायके गांव किरतान में ही बस गई थी। सोमवार देर रात नरेश का शव अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। मंगलवार पोस्टमार्टम के बाद शाम चार बजे शव परिजनों को सौंपा दिया। ब्यूरो
-
बाइक की टक्कर से ई-रिक्शा पलटी, चालक की गई जान
ढाणी किशनदत्त निवासी ई-रिक्शा चालक बंटी (25) की सड़क हादसे में मौत हो गई। सोमवार रात करीब 11 बजे बीएसएफ कैंप के सामने बाइक ने उसकी ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पलट गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर परिजन उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सदर थाना से जांच अधिकारी अमित ने बताया कि मामले में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ढाणी किशनदत्त निवासी विक्की ने बताया कि उसका भाई बंटी सोमवार को वह परिवार वालों के साथ ई रिक्शा में गांव कोहली स्थित मंदिर में पूजा के लिए गया था। रात करीब 11 बजे वह अकेला ही ई रिक्शा से लौट रहा था। बीएसएफ कैंप के पास एक बाइक सवार ने ई रिक्शा को टक्कर मार दी थी। ब्यूरो