फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: 45 साल पुराने नागरिक अस्पताल की इमारत की 13 साल बाद होगी मरम्मत

विज्ञापन
विज्ञापन
हांसी। शहर के 45 वर्ष पुराने नागरिक अस्पताल की मरम्मत का रास्ता आखिरकार साफ हो गया है। 13 साल बाद अस्पताल के भवन की मरम्मत का कार्य अब शुरू होने जा रहा है। लोकनिर्माण विभाग ने 4.61 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले मरम्मत कार्य का टेंडर कैथल की एक फर्म को अलॉट कर दिया है। विभाग की ओर से अगले दस दिन में कार्य शुरू करवाया जाएगा। सबसे पहले अस्पताल के पिछली तरफ बने पीपीसी ब्लॉक की मरम्मत होगी। यह ब्लॉक पिछले दो महीने से बंद है और यहां की सेवाएं फिलहाल अन्य कमरों में शिफ्ट की गई हैं। मरम्मत पूरी होने के बाद अस्पताल के भीतर खिड़की, दरवाजे, फर्श, दीवारें और शौचालयों की मरम्मत की जाएगी। पूरे भवन को नया रंग-रोगन भी किया जाएगा। अस्पताल में प्रतिदिन 300 से 400 मरीज उपचार के लिए आते हैं। इनमें हांसी के साथ साथ बास, बवानी खेड़ा, नारनौंद क्षेत्र के लोग शामिल हैं। मरम्मत कार्य शुरू होने से पहले लोकनिर्माण विभाग के एक्सईएन उदयवीर झाझड़िया ने नागरिक अस्पताल का भी निरीक्षण किया व एसएमओ डॉ़ राहुल बुद्धिराजा से मुलाकात की जिसमें उन्होंने देखा कि अस्पताल में पहले कौन सा काम शुरू किया जाए।
विज्ञापन


फाइनेंशियल अनुमति में फंसा था पेंच, तीन महीने बाद मिला समाधान
स्वास्थ्य विभाग ने जनवरी 2025 में ही 4.61 करोड़ रुपये का बजट लोकनिर्माण विभाग को ट्रांसफर कर दिया था। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू हुई और फर्म का चयन भी कर लिया गया था। जुलाई में कार्य शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में तकनीकी पेंच फंस गया था जिससे फाइनेंशियल अनुमति मिलने में देरी हुई। करीब तीन महीने बाद यह पेंच हटने के बाद अब टेंडर अलॉट कर दिया गया है। ठेकेदार को डेढ़ वर्ष में मरम्मत कार्य पूरा करना होगा।

कोरोना काल में बनी थी योजना, अब मिलेगी नई सूरत
वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान भवन की मरम्मत के लिए 4.61 करोड़ रुपये एस्टीमेट बनाया था। नवंबर 2024 में इसे अनुमति मिली है। इसके बाद जनवरी महीने में स्वास्थ्य विभाग ने यह राशि लोकनिर्माण विभाग को ट्रांसफर कर दी थी। बिजली से संबंधित कार्य लोकनिर्माण विभाग की इलेक्ट्रिकल विंग की तरफ से किया जाएगा।
विज्ञापन


ओपीडी पर असर न पड़े, इसलिए चरणवार काम होगा

यहां पर मरम्मत कार्य एकसाथ न करके टुकड़ों में किया जाएगा। ताकि अस्पताल में ओपीडी व मरीजों का उपचार प्रभावित न हो। फर्श व दीवार पर लगी टाइलें बदली जाएंगी। इसके साथ ही खिड़की दरवाजों व उनके फ्रेम को भी बदला जाएगा। यहां पर एल्युमीनियम की खिड़की व दरवाजे लगाए जाएंगे। भवन में नए सिरे से पेंट होगा। इसके साथ-साथ शौचालयों की मरम्मत, ओपीडी रूम व एमरजेंसी रूम में भी सुधार किया जाएगा।
13 साल पहले भी किए थे यही अधिकारी ने मरम्मत कार्य की निगरानी
अस्पताल की पिछली बार मरम्मत वर्ष 2012 में हुई थी, जब वर्तमान एक्सईएन यहां एसडीओ के पद पर थे। अब एक बार फिर उन्हीं की निगरानी में मरम्मत कार्य शुरू होगा।
विज्ञापन

नागरिक अस्पताल की मरम्मत के लिए टेंडर अलॉट हो गया है। 10 दिन में काम शुरू करवा दिया जाएगा। पहले पीपीसी ब्लॉक की मरम्मत होगी, फिर अन्य हिस्सों की।
- उदयवीर झाझड़िया, एक्सईएन, लोकनिर्माण विभाग, हांसी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें