हिसार। जीजेयू में आयोजित टेनिस प्रतियोगिता में भाग लेता खिलाड़ी।
- फोटो : bureau
जीजेयू में चल रही ऑल इंडिया टेनिस (पुरुष) चैंपियनशिप में शनिवार सुबह हुए मुकाबलों में एसआरएम यूनिवर्सिटी चेन्नई ने भोपाल की बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी को 3-0 हराकर सेमिफाइनल में प्रवेश कर लिया है। चेन्नई यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों ने बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों पर शुरू से ही बढ़त बनाए रखी। जो अंत तक जारी रही। सिंगल्स और डबल्स के प्रत्येक मैच में चेन्नई के खिलाड़ियों ने 6-0 से शिकस्त दी। दोनों टीमों के बीच हुए सिंगल मैचों में एसआरएम यूनिवर्सिटी के 11वीं रैंक के खिलाड़ी मोहित मयूर ने बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी के विवेक को 6-0, 6-0 से हरा दिया। वहीं दूसरे सिंगल मैच में भी एसआरम चेन्नई के एम फहाद, बरकतुल्ला यूनिवर्सिटी के केतन पर भारी पड़े। उन्होंने केतन को 6-0, 6-0 से हराया। दोनों टीमों के डब्ल्स के मुकाबले में एसआरएम चेन्नई के एलविन और अनिरुद्ध ने भोपाल के अमित व केतन को 6-0, 6-0 से हराकर विजयी आगाज किया। रविवार को एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक और एसवी यूनिवर्सिटी तिरुपति के बीच पहला मुकाबला सुबह 8 बजे खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला काइट यूनिवर्सिटी भुवनेश्वर और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी मोहाली के बीच खेला जाएगा। शाम को मद्रास यूनिवर्सिटी चेन्नई और इंदौर की देवी अहिल्याबाई यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी भिडे़ंगे। यह चैंपियनशिप 9 नवंबर तक चलेगी।
डीयू ने कोलकता को 3-1 से मात दी
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने कोलकाता यूनिवर्सिटी को 3-1 से हराया। दिल्ली और कोलकाता विश्वविद्यालयों के बीच हुए सिंगल मुुकाबलों में दिल्ली यूनिवर्सिटी के खिलाड़ी पार्थ ने कोलकता यूनिवर्सिटी के विशरूथ को 6-2, 6-0 से हराकर सेमिफाइनल में जगह बना ली है। सिंगल्स के दूसरे मुकाबले में दिल्ली के पल्लव ने कोलकाता के रिषभ को 6-1, 6-2 से मात दी। वहीं डब्ल्स में दिल्ली यूनिवर्सिटी के रोशन और पल्लव की जोड़ी ने कोलकता यूनिवर्सिटी के हर्ष और रिषभ की जोड़ी को 6-4, 6-2 से हराया। वहीं तीसरा मैच गुजरात और मणिपुर यूनिवर्सिटी के बीच होना था। लेकिन देर शाम तक गुजरात यूनिवर्सिटी की टीम नहीं पहुंच पाई थी।