हिसार। पशु पकड़ने वाली गाड़ियों पर हाइड्रोलिक सिस्टम लगाने के लिए मंगलवार को टेंडर खोला जाएगा। टेंडर खुलने पर आवेदन करने वाली एजेंसियों की वित्तीय व तकनीकी बोली की जांच की जाएगी। इस दौरान सबसे कम रेट में काम करने वाली एजेंसी को टेंडर अलॉट किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार अगर किसी कारण से दोबारा टेंडर करने की नौबत नहीं आती है तो एक से डेढ़ माह के अंदर इन गाड़ियों को तैयार करवा दिया जाएगा।
बता दें कि करीब डेढ़ माह पहले नगर निगम ने पशु पकड़ने के लिए दो गाड़ियां खरीदी थीं। चूंकि इन पर अभी तक हाइड्रोलिक सिस्टम नहीं लगा है तो इन्हें पशु पकड़ने के लिए इस्तेमाल में नहीं लाया जा सकता।
उधर गाड़ी न होने से करीब दो माह से पशु पकड़ने का अभियान पूरी तरह से बंद पड़ा है। फिलहाल शहर में हजारों की संख्या में बेसहारा पशु सड़कों पर घूम रहे हैं। इन पशुओं की वजह से काफी लोगों की जान भी जा चुकी है। उम्मीद है कि अब अभियान तेजी पकड़ेगा।