हिसार। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में एमबीए के दस विद्यार्थियों का चयन हुआ है। प्लेसमेंट ड्राइव के एक भाग के रूप में एचआर मैनेजर जसप्रीत कौर की ओर से एक प्री-प्लेसमेंट सत्र आयोजित किया गया। सत्र के दौरान उन्होंने कंपनी और इसके विविध कार्यक्षेत्रों, विशेष रूप से इसकी व्यापक एफएसएसएआई-संबंधित विनियामक सेवाओं का एक व्यावहारिक अवलोकन प्रस्तुत किया।
प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव में एमबीए कार्यक्रम के 19 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस बहु-चरणीय प्लेसमेंट ड्राइव में प्री-प्लेसमेंट वार्ता, समूह चर्चा व व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल रहे। सहायक निदेशक प्लेसमेंट डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों में एमबीए जनरल के कृष्ण कुमार, कंचन, रोहित, अनिल, एमबीए आईबी की स्वाति, यशिका, रितिका, एमबीए बिजनेस एनालिटिक्स के निखिल, शोभा व गरिमा शामिल हैं। प्लेसमेंट ड्राइव का संचालन एमबीए की छात्रा स्वाति ने किया। चयनित विद्यार्थियों को कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बधाई दी।