फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नकल रोकने पर शिक्षकों को पीटा

विज्ञापन
विज्ञापन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में नकल करने से रोकने पर मंगाली में एक परीक्षा सेंटर पर कुछ असामाजिक तत्वों ने शिक्षकों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की।
विज्ञापन


बदमाशों ने केंद्र में घुसकर उत्तरपुस्तिकाएं भी फाड़ दी। इस दौरान पांच से छह शिक्षकों को चोटें आईं, जिनमें दो शिक्षकों की हालत गंभीर है। घायल शिक्षकों को गांव की ही सीएचसी में प्राथमिक उपचार दिया गया। दो शिक्षकों की गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें सिविल अस्पताल हिसार रेफर कर दिया।

उधर मामले की सूचना पाकर बीईओ संगीता बिश्नोई और शिक्षा बोर्ड के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शिक्षकों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शिक्षकों ने बोर्ड प्रशासन से एग्जाम सेंटर को बदलने की मांग की है। शिक्षकों के मुताबिक अगर बृहस्पतिवार से परीक्षा सेंटर नहीं बदला जाता, तो वे परीक्षा में ड्यूटी नहीं देंगे। इस मामले को लेकर शिक्षक एएसपी मनीषा चौधरी से भी मिले।
विज्ञापन


शिक्षा बोर्ड ने भी मामले की छानबीन शुरू कर दी है। संभावना यह भी है कि यह परीक्षा रद्द हो जाएगी। हालांकि इस बारे में बोर्ड की तरफ कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है। वहीं, पुलिस का कहना है कि यह मामला आपसी रंजिश का भी हो सकता है।

मंगाली के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बोर्ड परीक्षा का सेंटर बना हुआ है। बुधवार को दसवीं के विज्ञान विषय की परीक्षा थी। परीक्षा खत्म हो चुकी थी और शिक्षक उत्तरपुस्तिकाओं को एकत्रित कर रहे थे। इसी दौरान 1:30 बजे के करीब 40 से 50 युवक जबरन परीक्षा केंद्र में घुस गए और वहां रखे सामान को तोड़ना शुरू कर दिया।

यही नहीं उन्होंने शिक्षकों पर भी हमला कर दिया। साथ ही वहां रखी उत्तरपुस्तिकाएं भी फाड़ डाली और वहां से फरार हो गए। हमले में जेबीटी शिक्षक संदीप, पूनम, विकास, महावीर, प्रीतम और वंदना आदि घायल हो गए। शिक्षक दंपति संदीप और पूनम को गंभीर चोटें आई। इनकी गंभीर चोटों को देखते हुए इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।


शिक्षक विकास नैन ने बताया कि वे रूम नंबर 5 में ड्यूटी दे रहे थे। उनके कमरे में सभी छात्राएं ही बैठी थी। परीक्षा शुरू होने के 10 से 15 मिनट पहले ही एक युवक उनके पास आया और बोला कि ये सारी छोरियां म्हारे गाम की हैं। अगर कोई टोकाटाकी की, तो जान से हाथ धोना पड़ेगा।

वारदात की सूचना पाकर बीईओ संगीता बिश्नोई और बोर्ड के अधिकारी परीक्षा केंद्र पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उधर, बोर्ड मुख्यालय को भी वारदात से अवगत करा दिया गया है। बोर्ड के मुताबिक वह इस मामले की जांच कर रहे हैं और जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

शिक्षकों के मुताबिक जिस समय यह वारदात हुई, उस समय सेेंटर पर एक भी सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं था। शुरू में तो एक सुरक्षाकर्मी परीक्षा सेंटर पर तैनात रहता है और परीक्षा खत्म होने पर वह चला जाता था।

मगर इसके बाद में तो सुरक्षाकर्मी आता और थोड़ी देर रुककर चला जाता था। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ, सुरक्षाकर्मी कुछ देर बाद ही वहां से चला गया। अगर सुरक्षाकर्मी वहां तैनात रहता, तो शायद असामाजिक तत्वों की हिम्मत नहीं होती।


पुलिस पीआरओ का कहना है कि केंद्र पर पुलिस कर्मी तैनात था, लेकिन वह केंद्र अधीक्षक की अनुमति से परीक्षा खत्म होने के कुछ समय पहले ही निकल गया। अब सवाल उठता है कि सुरक्षाकर्मी पहले क्यों गया और केंद्र अधीक्षक ने उसे जाने की अनुमति क्यों दी। यदि इमरजेंसी थी तो उसकी जगह दूसरा पुलिस कर्मचारी तैनात होना चाहिए था।


विभिन्न शिक्षक यूनियनों ने इस वारदात पर कड़ा रोष जाहिर किया है। शिक्षकों ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही बृहस्पतिवार से ही परीक्षा सेंटर को भी बदलने की मांग की है।

प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी नरेश पूनिया ने इस वारदात के आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा मास्टर एसोसिएशन के प्रदेश पदाधिकारी आर्य संजय ने परीक्षा केंद्र में तोड़फोड़ व शिक्षकों के साथ मारपीट करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ एक्शन लेने की मांग की है।

 
मैं पंचकूला किसी मीटिंग के सिलसिले में गई हुई थी। अभी रास्ते में ही हूं। हिसार पहुंचकर मामले की जानकारी लूंगी और उसके बाद ही आपको कुछ बता सकूंगी।
- मधु मित्तल, जिला शिक्षा अधिकारी


बोर्ड को इस बारे में सूचना मिल चुकी है। मामले की उच्च अधिकारियों की तरफ से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- मीनाक्षी शारदा, प्रवक्ता, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड
 

वहां तैनात किसी शिक्षक से एक दो दिन पहले ही कहासुनी हुई थी। इसी को लेकर कुछ युवकों ने शिक्षकों के साथ मारपीट की और वहां उत्तरपुस्तिकाएं भी फाड़ दी। सेंटर अधीक्षक महावीर सिंह की शिकायत पर 40-50 अज्ञात युवकों के खिलाफ ड्यूटी में बाधा डालने और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात था, लेकिन परीक्षा खत्म होने के कुछ समय पहले ही वह अधीक्षक की अनुमति से ड्यूटी से वापस आ गया।
विज्ञापन

- हरीश भारद्वाज, पुलिस पीआरओ
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें