जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी रणधीर सिंह ने मंगलवार को राजकीय प्राथमिक व मिडल स्कूल खोड़ व सुजापुर का औचक निरीक्षण किया।
उन्होंने शिक्षकों की गतिविधियों व मिड-डे मील के रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान कई शिक्षक बिना बताए ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। वहीं मिड-डे मील का रिकॉर्ड और स्कूल मैनेजमेंट कमेटी का रजिस्टर तक गायब मिले। इस पर अधिकारी ने ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले अध्यापकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को शिकायत भिजवाई।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी मंगलवार सुबह दस बजे राजकीय मिडल स्कूल खोड़ पहुंचे। अधिकारी ने स्कूल में पहुंचते ही सर्व प्रथम हाजिरी रजिस्टर की जांच की। जांच में शिक्षा अधिकारी ने मिडल स्कूल के मुख्याध्यापक कृष्ण कुमार और विज्ञान अध्यापक अजय कुमार गैर हाजिर मिले।
इसके बाद शिक्षा अधिकारी ने मिड-डे मील के रिकार्ड की जांच करनी चाही तो संस्कृत अध्यापक रामौतार ने बताया कि रिकार्ड अलमारी में बंद है और चाबी मिडल हैड के पास है। इसके बाद शिक्षा अधिकारी राजकीय प्राथमिक पाठशाला खोड़ पहुंचे, जहां कार्य संतोषजनक पाया।
इसके बाद शिक्षा अधिकारी ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला, सुजापुर का औचक निरीक्षण किया। इस स्कूल में जेबीटी अध्यापक जसवन्त सिंह की सुबह की हाजिरी लगा रखी थी तथा स्कूल से बिना बताए नदारद थे। इस पर शिक्षा अधिकारी द्वारा जेबीटी शिक्षक राजेश कुमार से दैनिक डायरी मांगने पर उन्होंने अनभिज्ञता जताई।
शिक्षक राजेश ने रिकार्ड अलमारी में बंद होने की बात कही। इसके बाद मिड-डे मिल का स्टोर चैक करने पर पाया गया कि गेहूं व चावल का रख-रखाव ठीक नहीं है।
इस पर शिक्षा अधिकारी ने एक के बाद एक खामियां देख तीखे तेवर दिखाते हुए लापरवाह शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करवाने के लिए उच्चाधिकारियों को शिकायत भेजी तथा शिक्षकों को चेतावनी दी कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर अतिरिक्त जिला नॉडल अधिकारी डा. जेपी यादव व मिड-डे मिल दिनेश कुमार और अमित कुमार मौजूद थे।