हिसार। शिक्षिका सोनिया की हत्या का आरोपी उसका पति सौरभ आनंद वारदात के एक माह भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वहीं परिजनों ने आरोपी के पंजाब में होने की संभावना जाहिर की है।
वहीं डीएसपी की तरफ से परिजनों से मांगी गई 15 दिन की मोहल्लत भी पूरी हो गई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी कर्मजीत ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। सभी टीमें पूरी गंभीरता से इस केस पर काम रही हैं।
सोनिया के परिजनों ने दो-तीन दिन पहले ही पुलिस प्रशासन से मुलाकात की थी। इस दौरान परिजनों ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी के बारे में पूछा तो पुलिस ने जवाब दिया कि आरोपी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा है। इस वजह से उसे पकड़ने में परेशानी हो रही है लेकिन पुलिस जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लेगी। सोनिया के परिजनों ने कहा कि उन्हें आशंका है कि सौरभ फिलहाल पंजाब में है। उनके एक रिश्तेदार ने सौरभ को पंजाब में कही देखा है। इस पर पुलिस प्रशासन ने उनकी डिटेल देने को कहा।
आरोपी पर 50 हजार का इनाम घोषित : एक मई को शिक्षिका सोनिया की सेक्टर-13 स्थित आवास में पति सौरभ ने प्रेस की तार से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद वह मौके से भाग गया था। पुलिस ने इस मामले में पति सौरभ के अलावा जेठ-जेठानी और सास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है।