अग्रोहा। गांव श्यामसुख से कृषि फार्म होकर हिसार जाने वाली करीब तीन किलोमीटर लंबी सड़क पर आखिरकार पांच माह बाद तारकोल बिछा दिया गया। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग ने इस रोड की सुध ली।
ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क पर पिछले चार माह से तारकोल नहीं बिछाया गया था जिससे बजरी और रोड़ी उखड़ चुकी थी और आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। संवाद न्यूज एजेंसी के रिपोर्टर ने ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए 3 जून को खबर प्रकाशित की थी जिसके बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए मरम्मत कार्य पूरा करवाया।
यह मार्ग श्यामसुख, किराड़ा, किरोड़ी, संदोल, किरमारा सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों को हिसार से जोड़ता है। इसी रास्ते से विद्यार्थी, कर्मचारी और अन्य लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। इसके अलावा बीड़ बबरान स्थित श्री श्याम बाबा धाम में ग्यारस पर आने वाले श्रद्धालु और कृषि फार्म व भेड़ प्रजनन फार्म तक पहुंचने के लिए भी यह प्रमुख मार्ग है।