हिसार। जिले में स्वाइन फ्लू (एच1एन1वायरस) ने चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को तीन और लोगों में संक्रमण की पुष्टि के साथ ही मरीजों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। नए मरीजों में डॉक्टर दंपती और एक युवक शामिल हैं। किसी भी मरीज को अस्पताल में भर्ती नहीं किया है। इन्हें घर पर ही आइसोलेशन में रखा गया है। जांच में किसी मरीज की ट्रैवल हिस्ट्री भी नहीं मिली है।
स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर नागरिक अस्पताल में एक वार्ड को स्पेशल स्वाइन फ्लू वार्ड बना दिया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जांच में संक्रमित मिले मरीजों के परिजनों को सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। तेज बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण महसूस होने पर तत्काल नागरिक अस्पताल में जांच कराने को कहा गया है।
संक्रमित मरीजों को जरूरी दवाएं दी गईं। अभी इनकी स्थिति सामान्य है और किसी को भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने मुख्यालय को स्वाइन फ्लू की जांच के लिए एक हजार नई किट की मांग भेजी है।
स्वाइन फ्लू के लक्षण मिलने पर जांच निशुल्क की जाएगी। मरीजों को जरूरी दवाएं भी निशुल्क दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि किसी भी मरीज को अस्पताल में भर्ती नहीं किया है।