हिसार। नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ियां।
हिसार। स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के लिए 5 सदस्यीय टीम वीरवार को हिसार पहुंच गई है। टीम शुक्रवार से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर स्वच्छता का फील्ड निरीक्षण शुरू करेगी। चार दिन तक अलग-अलग वार्डों में टीम गलियों, सार्वजनिक शौचालयों, सड़कों, चौक-चौराहों और बाजार की सफाई की जांच करेगी।
टीम आम लोगों से स्वच्छता को लेकर फीडबैक भी लेगी। निरीक्षण की लोकेशन मुख्यालय से तय की जाएंगी जिन्हें आईपैड के माध्यम से रैंडम तरीके से टीम को भेजा जाएगा। नगर निगम के सहायक सफाई निरीक्षण अधिकारी और अन्य कर्मचारी टीम को मौके पर पहुंचाने और निरीक्षण में सहयोग करेंगे।
स्वच्छ सर्वेक्षण टीम फील्ड निरीक्षण के दौरान मौके से लाइव फोटो अपलोड करेगी। इसके बाद टीम दो दिन में कचरे के सग्रीगेशन (गीला-सूखा कचरा अलग करना), कचरे के निस्तारण के तरीके और कचरा प्लांट की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन भी करेगी।
टीम इससे पहले उकलाना में पहुंची थी और नारनौंद का सर्वे कुछ तकनीकी कारणों से बाद में किया जाएगा। हिसार में निरीक्षण 1 या 2 जून को होना था, लेकिन बदलाव के बाद टीम ने पहले हिसार का सर्वे करने का निर्णय लिया। नगर निगम ने बताया कि टीम के साथ निगम के सफाई विभाग के कर्मचारी तैनात रहेंगे और टीम हर वार्ड की सफाई, कचरे के निस्तारण और सार्वजनिक स्थल की स्थिति का पूरा मूल्यांकन करेगी।
सर्वेक्षण की परीक्षा 12,500 अंकों की होगी
स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में कुल 12,500 अंक निर्धारित किए गए हैं। इसमें 10 प्रमुख सेक्शन, 54 इंडिकेटर और 166 सब-इंडिकेटर शामिल हैं। नई गाइडलाइन के तहत नागरिक फीडबैक का महत्व बढ़ाया गया है। पिछले साल इसके लिए 500 अंक निर्धारित थे, जबकि इस बार इसे 1,000 अंक तक बढ़ाया गया है। नागरिकों से फीडबैक फोन कॉल और ऑन-फील्ड असेसमेंट के जरिए लिया जाएगा।