हिसार। नगर निगम के दायरे में आने वाले सभी सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को पर्याप्त और शुद्ध पानी मिल सकेगा। नगर निगम की 2 व 3 मार्च को हुई बैठक में कई स्कूलों में पेयजल कनेक्शन नहीं होने का मुद्दा उठने के बाद निगम अधिकारियों ने इसका जिम्मा शिक्षा विभाग को सौंपा है। पेयजल व्यवस्था और शौचालयों की हालत सुधारने के लिए लेकर निगम और शिक्षा विभाग के अधिकारी मिलकर सर्वे करेंगे। इसके बाद एस्टीमेट तैयार कर पेयजल कनेक्शन करवाए जाएंगे।
निगम की बैठक में सामने आया कि सेक्टर 16-17 के सरकारी स्कूल में पेयजल लाइन का कनेक्शन नहीं है। ऐसे में स्कूल प्रशासन को कैंपर मंगवाकर बच्चों के लिए पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। राजगुरु मार्केट स्थित सरकारी स्कूल-3 में भी पेजयल कनेक्शन नहीं है। वार्ड 14 की पार्षद सुमन यादव व वार्ड 3 की पार्षद ज्योति वर्मा ने यह समस्या रखी तो निगम आयुक्त नीरज ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी सरकारी स्कूलों का सर्वे किया जाए। इस दौरान किसी स्कूल में यह समस्या सामने आती है तो पेयजल कनेक्शन देकर जलापूर्ति कराई जाए।
क्या होग आगे
निगम आयुक्त के निर्देश के बाद अब शिक्षा विभाग और निगम के अधिकारी मिलकर सभी सरकारी स्कूलों का सर्वे करेंगे। सर्वे के आधार पर प्रत्येक स्कूल में पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने का विस्तृत एस्टीमेट तैयार किया जाएगा। एस्टीमेट तैयार होने के बाद नगर निगम की ओर से टेंडर जारी किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि पेयजल लाइन कनेक्शन मिलने से स्कूलों में बच्चों को शुद्ध और पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा।
शौचालयों की हालत भी सुधारेंगे
निगम प्रशासन ने सरकारी स्कूलों में शौचालयों की स्थिति सुधारने पर भी जोर दिया है। कई स्कूलों में शौचालय खराब होने या पानी की कमी के कारण उनका उपयोग सही तरीके से नहीं हो पा रहा है। ऐसे में सभी स्कूलों के शौचालयों की मरम्मत और आवश्यक सुधार करवाए जाएंगे ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
मंदिरों में चल रहे स्कूलों को शिफ्ट कराएं
नई अनाज मंडी में राजकीय प्राइमरी पाठशाला श्री सत्यनारायण शिव मंदिर में चल रही है। इसमें करीब 120 बच्चे पढ़ रहे हैं। मंदिर की तरफ से स्कूल को बेसमेंट में 4 कमरे दिए गए हैं। इनमें से एक में रसोई और एक कमरे में ही ऑफिस बनाया है। बच्चे बॉलकनी और मंदिर परिसर में भी बैठकर पढ़ते हैं। इसी तरह जहाजपुल के श्रीसनातन धर्म मंदिर के हॉल में प्राइमरी स्कूल चलाया जा रहा है। इन स्कूलों को दूसरे भवन में शिफ्ट करने की मांग भी शिक्षा विभाग के अधिकारियाें के समक्ष रखी गई।
जिले में स्कूलों की स्थिति
प्राइमरी स्कूल- 503
मिडल स्कूल -103
सीनियर सेकेंडरी स्कूल- 270
नगर निगम सदन की बैठक में दो महिला पार्षदों ने स्कूलों में पेयजल कनेक्शन नहीं होने का मामला उठाया था। इसके बाद फैसला लिया कि सभी स्कूलों का सर्वे कराएंगे। शौचालयों का निरीक्षण भी करेंगे। सभी स्कूलों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए संयुक्त कमेटी सर्वे करेगी। - नीरज, निगम आयुक्त, हिसार