हिसार। नगर निगम की तरफ से शहर में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना (पीएमएवाई) को लेकर सर्वे शुरू कर दिया है। इसे लेकर निगम ने 42 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। इन कर्मचारियों को मुख्यालय की तरफ से भेजी गई सूची के अनुसार घर-घर जाकर सर्वे का काम करना है। सर्वे के दौरान कर्मचारी लिस्ट में शामिल लोगों की आर्थिक स्थिति की जांच करेंगे। निगम की मानें तो 30 जुलाई तक यह सर्वे पूरा किया जाना है। इसके बाद रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।
बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिन परिवारों की वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम है और जिनके पास खुद का मकान नहीं है। उन लोगों को घर मुहैया करवाया जाएगा। वहीं जिनके पास मकान है, लेकिन वह कच्चा है तो उसे पक्का मकान उपलब्ध करवाया जाता है। इस योजना के तहत नये मकान के लिए 2.50 लाख रुपये व मकान के एक्सटेंशन के लिए 1.50 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है।
वर्ष 2017 में हुआ था सर्वे
इससे पहले शहर में वर्ष 2017 में सर्वे हुआ था। इस सर्वे के आधार पर अब तक 749 लाभार्थियों को एक किस्त, 600 को दो किस्त व 541 को तीनों किस्त जारी की जा चुकी है। अधिकारियों की मानें तो मुख्यालय की तरफ से भेजी गई सूची में करीब 5000 लोगों के नाम शामिल है।
पीएमएवाई को लेकर सर्वे शुरू किया गया था। इस माह के अंत तक सर्वे का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद रिपोर्ट तैयार करके मुख्यालय भेज दी जाएगी।
सुमित बंसल, सीपीओ, नगर निगम