हिसार। नगर निगम सदन की बैठक में मंगलवार को निगम, जिला नगर योजनाकार व जनस्वास्थ्य विभाग से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के बाद आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 498 करोड़ रुपये का बजट पास कर दिया। अब इसे मंजूरी के लिए शहरी स्थानीय निकाय मुख्यालय भेजा जाएगा। बैठक में वैध कॉलोनियों के 47 अवैध टुकड़ों के सर्वे को भी मंजूरी दे दी गई। सर्वे रिपोर्ट को भी सरकार के पास भिजवाया जाएगा। मानकों पर खरे उतरने वाले अवैध टुकड़ों को वैध करने का फैसला लिया जाएगा।
मेयर प्रवीण पोपली की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे से शाम करीब छह बजे तक चली मैराथन बैठक की शुरुआत में निगम अधिकारियों ने अवैध टुकड़ों की सर्वे रिपोर्ट पेश कर बताया कि ये वो टुकड़े हैं जिनमें तीन तरफ का क्षेत्र पहले से अनुमोदित है और 12 फरवरी 2022 की सेटेलाइट इमेज में इनमें कम से कम 50 प्रतिशत रिहायश है। अधिकारियों ने बताया कि 50 प्रतिशत रिहायश की शर्त के कारण कई टुकड़े मानकों पर खरे नहीं उतर रहे हैं। ऐसे में संभावना है कि ये वैध नहीं होंगे। इस पर कई पार्षदों ने आपत्ति जताई। पार्षद जगमोहन मित्तल ने कहा कि मॉडल टाउन एक्सटेंशन के सर्वे में सेक्टर की ग्रीन बेल्ट भी शामिल कर ली गई है। एचएसवीपी की 6.61 एकड़ खाली जमीन भी सर्वे में शामिल कर ली। मित्तल ने इस बात पर भी आपत्ति जताई कि रिपोर्ट में सड़कों की जमीन को भी खाली दर्शाया गया है।
एक टुकड़े में श्मशान घाट की जमीन को भी सर्वे में शामिल किया
पार्षद रवि सैनी ने सवाल उठाया कि एक टुकड़े में श्मशान घाट की जमीन को भी सर्वे में शामिल कर लिया है। इससे पहले कई खाली कॉलोनियों को भी हाउस से पास करवाया गया है। विरोध को देखते हुए निगमायुक्त नीरज ने कहा कि हमारी तरफ से सभी 47 टुकड़ों की सर्वे रिपोर्ट सरकार के पास भेजी जाएगी। वर्तमान आबादी के अनुसार किए सर्वे की रिपोर्ट भी साथ भिजवा दी जाएगी।
पशु डेयरियों का फिर से होगा सर्वे
बैठक में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं की समस्या पर चर्चा के दौरान पकड़े गए एक भी गोवंश को दोबारा न छोड़ने का प्रस्ताव पास किया गया। वार्ड दो के पार्षद मोहित सिंघल ने कहा कि उसके वार्ड से गायों को पकड़ों, आधे शहर की समस्या का समाधान हो जाएगा। निगम अधिकारियों ने बताया कि गो सेवा आयोग से बात हुई है। उनका कहना है कि वो भी गायों को पकड़वा देंगे। अवैध बाड़ों पर निगम अधिकारियों ने बताया कि तीन अवैध बाड़ाें के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है। निगम की जमीन पर वर्तमान में कोई अवैध बाड़ा नहीं है। पार्षद मनोहर लाल ने कहा कि पशु बाड़ों ने लोगों के जीने का अधिकार छीन लिया है। अधिकारियों ने डेयरी शिफ्टिंग पर कहा कि इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में दो से ढाई साल का समय लगेगा। इसमें 342 प्लॉट और 16 दुकानें हैं। डेयरियों को लेकर शहर में दोबारा सर्वे करवाया जाएगा। पार्षद इस सर्वे को सत्यापित करेंगे। निजी जगह पर पशु बाड़ा है तो पुलिस की मदद से कार्रवाई की जाएगी।
सेक्टरों की पार्किंग में शुल्क वसूलने की तैयारी
शहर में पार्किंग की समस्या का मुद्दा उठा तो निगम अधिकारियों ने बताया कि धोबी घाट और राजगुरु मार्केट की पार्किंग का टेंडर लगाया था लेकिन कोई एजेंसी नहीं आई। मेयर प्रवीण पोपली ने कहा कि शहर में पार्किंग की मार्किंग करवाई जाएगी। किसी पार्षद को करवानी है तो अधिकारियों से संपर्क करें। निगम अधिकारियों ने बताया कि पंजाबी धर्मशाला के सामने मैकेनाइज्ड पार्किंग पर रोक लगा दी है और सिटी थाने के सामने मल्टी स्टोरी पार्किंग का 33 साल का प्रोजेक्ट बनाकर मुख्यालय भेज दिया है। अब कोसी की बैठक में इस पर फैसला होगा। बैठक में सेक्टरों की पार्किंग में शुल्क वसूलने का मुद्दा भी उठा। इस पर निगमायुक्त नीरज ने कहा कि एचएसवीपी से सेक्टरों की पार्किंग निगम को सौंपने के बारे में एनओसी ली जाएगी ताकि पार्किंग शुल्क लिया जा सके।
डॉग शेल्टर में 200 कुत्तों को रखने की होगी व्यवस्था
निगम अधिकारियों ने बताया कि सातरोड में डॉग शेल्टर बनाया जा रहा है। इसमें शुरुआत में 200 कुत्ते रखे जा सकेंगे। पार्षद सुमन यादव ने कहा कि अभी अभियान का असर नजर नहीं आ रहा है। कुत्ते अभी आक्रामक हैं। मेयर ने कहा कि खतरनाक कुत्तों को भी इन शेल्टर में भेजा जाए। निगमायुक्त ने कहा कि होली के बाद इस मुद्दे पर बैठक करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक 3530 कुत्तों का टीकाकरण और 3375 कुत्तों का बधियाकरण किया गया है।