शहर की संकरी सड़कों में ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु करने के लिए वीरवार को छुट्टी के दिन ईद पर नगर निगम के अधिकारी व ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त टीम बाजारों में फिजिबिलिटी जांचने के लिए पहुंची। टीम ने तलाकी गेट, गुलाब सिंह चौक, नागोरी गेट, गीता पनवाड़ी सहित राजगुरु मार्केट एरिया का दौरा कर मौका स्थिति जांची। साथ ही टीम ने राजगुरु मार्केट में पार्किंग व्यवस्था का भी जायजा लिया।
दरअसल वेस्ट बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के व्यस्त बाजारों में ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान के सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता मुरीद हो गए। इसी प्लान को हिसार में लागू करने के लिए कुछ दिन पहले सीपीएस गुप्ता ने प्लानिंग की थी। जिसे सिरे चढ़ाने के लिए वीरवार से कवायद शुरू कर दी गई।
ऐसा किया जाएगा डिवाइड
ट्रैफिक पुलिस व नगर निगम के अधिकारियों की टीम ने बताया है कि पतले पाइप - पोल या फिर छह इंची जर्सी बैरियर लगाकर रोड को डिवाइड किया जाएगा। इससे वाहन लाइनों में चलेंगे और व्यवस्थित होंगे, जिससे जाम भी नहीं लगेगा। ऐसा होने के बाद पतली सड़कों पर दुकानदार अतिक्रमण नहीं कर सकेंगे।
यहां बनेंगे डिवाइडर
ट्रैफिक इंचार्ज अतर सिंह सरोहा ने बताया कि तलाकी गेट से गुलाब सिंह चौक तक डिवाइडर बनेगा। यह जर्सी बैरियर या फिर पाइपों से बनाया जाएगा। इसके अलावा गुलाब सिंह चौक से गीता पनवाड़ी तक सड़क डिवाइड की जाएगी।
यहां डिवाइडर तोडे़गे
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु करने के लिए गुरुद्वारा चौक से तलाकी गेट तक के डिवाइडर को हटाया जाएगा। करीब चार फीट चौडे़ इस डिवाइडर को हटाकर यहां पतले डिवाइडर लगाए जाएंगे, जिससे सडक की चौड़ाई करीब तीन फीट बढ़ जाएगी। इसके अलावा डाबड़ा चौक आरआरओ, रेलवे फाटकों पर भी कुछ एरिया में पतले डिवाइडर लगाए जाएंगे।
राजगुरु मार्केट एसोसिएशन को दिया प्लान
टीम ने राजगुरु मार्केट एसोसिएशन के साथ मार्केट का दौरा किया। एसोसिएशन ने गाड़ियां पार्क करने के लिए व्यवस्था ठीक की हुई थी। ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज अतर सिंह सरोहा ने मौके पर ही एसोसिएशन सदस्यों को निर्देश भी दिए कि वे वाहनों को इस हिसाब से पार्क करवाएं कि वाहनों को निकालते समय दिक्कत न हो। उन्होंने रामचाट भंडार से आगे शराब ठेके के टू व्हीलर वाहनों को किस तरह से लगाना है। प्रेक्टिकल कर बताया।
चबूतरे हटाने को भी कहा
टीम ने मार्केट के व्यापारियों से दुकानों के आगे बनाए गए चबूतरे हटाने व बरामदे खाली करने के लिए भी कहा। लगभग व्यापारियों ने इस पर पॉजिटिव रिस्पांस दिया। बस जरूरत है तो केवल शुरुआत करने की। आखिर पहल कहां से और कौन सा व्यापारी करे मुद्दा इस बात का है। मौके पर पीली पट्टी लगवाने व अन्य तरह की छोटी छोटी चीजें पूरी तरह ठीक करने के निर्देश भी दिए गए।
अब डीसी लेंगे फैसला
टीम ने मौका मुआयना कर रिपोर्ट तैयार करनी है। यह रिपोर्ट टीम के अधिकारी डीसी एवं नगर निगम आयुक्त निखिल गजराज को देंगे। क्योंकि राजगुरु मार्केट को पार्किंग का एक महीने का ट्रायल वीरवार को खत्म हो चुका है। उधर पुराने ठेकेदार इस मामले को कोर्ट लेकर गया हुआ है।
निगम ने तलब की थी रिपोर्ट
अवैध तरीके से पार्किंग चलाने के मामले में नगर निगम ने पहले एसोसिएशन से रिपोर्ट तलब की थी। एक्सईएन व सचिव नगर निगम ने एसोसिएशन से कितनी पर्चियां हर रोज काटी जाती थी इसकी रिपोर्ट मांगी थी। कितने कर्मचारी लगाए गए हैं इस का भी ब्योरा मांगा था। जिस पर एसोसिएशन ने हर महीने 30-40 हजार रुपये का लॉस दिखाया था। व्यवस्था बनाने के लिए उन्होंने 18 के लगभग कर्मचारी रखने की बात कही थी।
यह है संभावना
नगर निगम व ट्रैफिक पुलिस की टीम के दौरे के बाद एसोसिएशन के प्रति टीम का रुख पॉजिटिव नजर आ रहा है। हालांकि यह टीम रिपोर्ट बनाकर डीसी को सौंपेगी, तब उस बात पर निर्भर करेगा। मगर सूत्र बता रहे हैं कि एसोसिएशन को ही ये पार्किंग नो प्रॉफिट नो लॉस पर दोबारा संभलवाई जा सकती है।
जाम की स्थिति गंभीर
अधिकारियों ने ये भी कहा है कि नागोरी गेट पर जाम की स्थिति गंभीर है। जल्द ही इस प्वाइंट को जाम मुक्त करने के लिए ठोस प्लानिंग की जाएगी। जल्द ही पुलिस नागोरी गेट के व्यापारियों के साथ मीटिंग करेगी।
यह है वेस्ट बंगाल का प्लान
वेस्ट बंगाल में सड़कों की चौड़ाई कम होने के बावजूद ट्रैफिक जाम कम होता है। यहां 14 से 20 फीट की सड़कों को बीच में पतले पाइप लगाकर डिवाइड किया गया है। इससे सड़क के एक तरक 7 से 10 फीट चौड़ी रोड रहती है, जिसमें एक वाहन आसानी से निकल जाता है। दोनों ओर से वाहनों का आवागमन चलता रहता है। वाहनों की स्पीड थोड़ी कम रहती है, लेकिन ट्रैफिक जाम की संभावना कम रहती है। ऐेसे में अतिक्रमण की संभावना भी कम रहेगी। गौरतलब है कि हाल ही में पश्चिम बंगाल में हुए चुनावों में सीपीएस डॉ. गुप्ता वहां प्रचार में गये हुए थे। तब उन्होंने इस व्यवस्था को देखा था।
हमने ट्रैफिक पुलिस के साथ गुलाब सिंह चौक से तलाकी गेट तक डिवाइडर लगाने संबंधित बाजारों का दौरा किया था। राजगुरु मार्केट में भी एसोसिएशन को कुछ अलग ढंग से वाहन पार्क करवाने के लिए समझाया गया है।
- वीरेंद्र सिंह, नगर निगम सचिव, हिसार