हिसार के डाबड़ा स्थित चौधरी बजेसिंह शिक्षा एवं कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र पहुंचने पर सुरेश का स
हिसार। जबलपुर में हुई ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में मिर्जापुर के पहलवान सुरेश ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। फाइनल में सुरेश ने महाराष्ट्र के विनोद गायकवाड़ को 11-0 से हराया और पदक पर कब्जा किया। पदक जीतने पर सुरेश पहलवान का डाबड़ा के चौधरी बजेसिंह शिक्षा एवं कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र पहुंचने पर स्वागत किया गया।
एकेडमी के कोच राहुल बेरवाल ने बताया कि सुरेश के तीन मुकाबले हुए। इसमें से दो को बाइफाल चित्त किया। वहीं, फाइनल में महाराष्ट्र के पहलवान को हराया। चैंपियनशिप मध्यप्रदेश के जबलपुर में 15 जनवरी से 17 जनवरी तक आयोजित हुई थी। सुरेश ने 61 किलोग्राम भारवर्ग में फ्री स्टाइल में पदक जीता है। एकेडमी पहुंचने पर संजीव लोहान, डाबड़ा से सरपंच सूर्यदीप, हॉकी कोच राजेंद्र सिहाग, कोच दलजीत बेरवाल, रविन्द्र जॉनी, अजमेर पहलवान सीसर, सतबीर मेहला आदि ने बधाई दी।
खुद अभ्यास करने के साथ खिलाड़ियों को भी देते हैं प्रशिक्षण
54 वर्षीय सुरेश दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम हिसार में कार्यरत है। अपनी ड्यूटी खत्म करने के बाद वह प्रशिक्षण केंद्र जाते हैं और खुद अभ्यास करने के साथ-साथ खिलाड़ियों को भी करवाते हैं। कोच राहुल बेरवाल ने बताया कि सुरेश काफी मेहनती हैं। जॉब के साथ-साथ वह कुश्ती में भी अपना पूरा समय दे रहे हैं। उनसे काफी खिलाड़ी प्रेरित हुए हैं। सुरेश अब तक कई पदक जीत नाम रोशन कर चुके हैं।