हिसार में साढ़े तीन महीने से लापता बेटी की तलाश में पीड़ित परिवार दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। मामले की जांच के लिए बनाई गई स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम भी किशोरी का सुराग नहीं लगा पाई है। ऐसे में पीड़ित परिवार तीसरी बार धरने पर बैठ गया है।
हरियाणा के हिसार में लापता बेटी की तलाश में पीड़ित परिवार एक बार फिर से धरने पर बैठ गया है। सीएम के आदेश के बाद भी बेटी का सुराग नहीं मिला तो पीड़ित परिवार को तीसरी बार धरने पर बैठने को मजबूर होना पड़ा। करीब साढ़े तीन महीने पहले लापता बेटी को खोजने की मांग को लेकर सुनील सोनी अपने परिवार के साथ लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।
विज्ञापन
आजाद नगर निवासी सुनील सोनी की 16 वर्षीय बेटी 29 सितंबर 2024 को घर से लापता हो गई थी। सुनील अपनी बेटी की खोजने की मांग को लेकर पुलिस के पास काफी दिन तक गुहार लगाते रहे। उन्होंने नवंबर में तीन दिन तक लघु सचिवालय के बाहर धरना दिया। पुलिस के आश्वासन पर घर चले गए थे। इसके बाद दिसंबर में 14 दिन तक धरना दिया। एसडीएम और डीएसपी की ओर से भरोसा देने पर फिर लौट गए थे। नौ जनवरी को सुनील सोनी सीएम से मिलने जा रहे थे तो पुलिस ने उनको रोक लिया। सुनील सोनी न खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। बाद में सुनील सोनी को सीएम से मिलवाया गया।
सीएम नायब सैनी के आदेश पर इस मामले को लेकर एसआईटी बनी। एसआईटी के हेड डीएसपी कवंलजीत ने मामले में जांच शुरू की। सुनील की ओर से पुलिस पर आरोप लगाए जाने के बाद एसपी ने एएसआई सुनीता को निलंबित कर दिया था। सीएम के आदेश को 10 दिन बीत जाने पर भी जब कार्रवाई नहीं हुई तो सुनील सोनी अपने परिवार के लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठ गए हैं।