हिसार। हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को सुपर-100 की परीक्षा का परिणाम जारी किया गया। हिसार जिले के कुल 364 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें से 100 विद्यार्थी पास हुए हैं। गौरतलब है कि 4 जून को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुशीला भवन में सुपर-100 की पहले चरण की प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया था।
सुपर-100 परीक्षा के नॉडल अधिकारी व गणित विषेशज्ञ जगदीश जाखड़ ने बताया कि यह पहले चरण की परीक्षा का परिणाम आया है। दूसरे चरण की परीक्षा रेवाड़ी में होगी। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण की परीक्षा के लिए के 24 जून से 8 जुलाई के लिए ऑरिएंटेशन प्रोग्राम होगा। इसी दौरान दूसरे चरण की परीक्षा भी आयोजित होंगी। जाखड़ ने बताया कि 10 जुलाई को दूसरे चरण की परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा व 15 जुलाई को कोचिंग की कक्षाएं शुरू होंगी। हरियाणा में मौजूद रेवाड़ी और पंचकूला सेंटर में छात्रों को सरकार की तरफ से नीट और जेईई के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में 450 विद्यार्थियों ने सुपर-100 की परीक्षा थी। 2020 में हरियाणा में सबसे ज्यादा 383 विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम के लिए आवेदन किया था। वहीं वर्ष 2022 में 403 ने आवदेन किया था। पिछले साल हिसार के 58 विद्यार्थियों का सुपर 100 कार्यक्रम में चयन हुआ था। अबकी बार भी उम्मीद है कि करीब 70 विद्यार्थियों का चयन होगा।
सुपर 100 की पहले चरण की परीक्षा का परिणाम जारी हो चुका है। जिले के 100 विद्यार्थियों ने यह परीक्षा पास की है। मैं सभी विद्यार्थियों की बधाई देता हूं। सभी विद्यार्थी अब दूसरे चरण की परीक्षा की तैयारी में जुट जाएं। - कुलदीप सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी हिसार