जाट शिक्षण संस्था में एक बार फिर से इनेलो ने जीत का परचम लहराया। इनेलो पैनल के सतपाल पालू (फतेहाबाद निवासी) ने भाजपा पैनल के सुुशील लांबा को चार वोट से हराया। इनेलो पैनल के महासचिव थंबू सिंह और उपप्रधान अजमेर ढांडा भी विजयी हुए। कोषाध्यक्ष पर भाजपा पैनल के प्रविंद्र मलिक ने जीत हासिल की। सुशील लांबा अपने पिता नरेंद्र लांबा और भाई सुनील लांबा की जीत विरासत को बचाने में नाकाम रहे।
पिछले लंबे समय से यहां इनेलो के पैनल को जीत मिलती रही है। सोसायटी एक्ट के तहत पहली बार कॉलेजियम बनाकर चुनाव कराने में भी इनेलो पैनल भारी पड़ा। इनेलो से पाला बदलकर भाजपा पैनल में शामिल होने सुशील लांबा को चार वोट से हार का सामना करना पड़ा। कुल 200 कॉलेजियम थे, जिसमें एक कॉलेजियम की मौत हो जाने के बाद 199 बचे थे। सभी 199 कॉलेजियम ने अपनी वोट का प्रयोग किया। प्रधान पद पर सतपाल पालू को 66 उनके प्रतिद्वंद्वी सुशील लांबा को 62 वोट हासिल हुए। उपप्रधान पद के लिए इनेलो ग्रुप के अजमेर ढांडा को 97 तो उनके प्रतिद्वंद्वी मनदीप मलिक को 72 वोट मिले। महासचिव पद पर इनेलो के थंबू सिंह को 71 उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा के राजेश सूरा और निर्दलीय आशीष गोदारा को 42-42 वोट हासिल हुए। कोषाध्यक्ष पद के लिए भाजपा पैनल से प्रविंद्र मलिक को 89 तो इनेलो के दिलदार सिंह के 82 वोट मिले।
किसको कितने वोट मिले...
प्रधान पद के लिए
सतपाल पालू --------66
सुुशील लांबा --------62
जगजीत सिंधु-------28
केएल रिणवा--------23
केके गोदारा --------14
रोहित मल्हान------3
अजमेर सिंह-------2
उपप्रधान पद के लिए
अजमेर ढांडा ----97
मनदीप मलिक----72
जयदीप सिंह पूनिया---27
मनोज कुमार---------5
महासचिव पद के लिए
थंबू सिंह --------71
राजेश सूरा-------42
आशीष गोदारा----42
जिले सिंह गोयत---28
राजेश कुमार --------11
कोषाध्यक्ष पद के लिए
प्रविंद्र मलिक ---89
दिलदार सिंह------82
अशोक कुमार-----26
सरकार का साथ लेकर भी विरासत नहीं बचा सके
जाट संस्था में नरेंद्र लांबा 31 जुलाई 2004 से 25 जुलाई 2007 तक प्रधान रहे थे। उनके बेटे सुनील लांबा 19 जुलाई 2010 से 2013 तक प्रधान रहे। सुनील लांबा ने इस बार कॉलेजियम का चुनाव लड़ा था। इसमें वह सुशील गुड्डू से चुनाव हार गए थे। इसके बाद नरेंद्र लांबा के दूसरे बेटे सुशील लांबा को मैदान में उतारा गया था। सुशील लांबा इनेलो छोड़कर भाजपा के पैनल में शामिल होकर चुनाव मैदान में उतरे, फिर भी विरासत नहीं बचा सके।
पहले कोषाध्यक्ष रहे सतपाल पालू
फतेहाबाद जिले के गांव गोरखपुर निवासी सतपाल पालू इससे पहले भी जाट संस्था में पदाधिकारी रहे हैं। वर्ष 2001 से 2004 तक पूर्ण सिंह डाबड़ा प्रधान थे, उस समय सतपाल पालू उनके साथ कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। नए कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य
सतपाल पालू ने कहा कि संस्था को आगे बढ़ाने के लिए नए कोर्सेज लाएंगे। नए कॉलेज बनाने के लिए काम करेंगे। खेलों में भी संस्था को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किया जाएगा। समाज के सभी गणमान्य लोगों के सहयोग से संस्था को चलाएंगे।
जल्द होगा पदभार ग्रहण समारोह
संस्था के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सभी प्रत्याशियों को चुनाव परिणाम की प्रति उपलब्ध करा दी है। जल्द ही संस्था इन पदाधिकारियों के लिए पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन कराया जाएगा। अब रजिस्ट्रार को- ऑपरेटिव सोसायटी को इसकी रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके बाद विधिवत तौर पर संस्था के पदाधिकारी काम शुरू कर सकेंगे।
जीत के बाद विधायकों ने किया अभिनंदन
जीत हासिल करने के बाद इनेलो पैनल के तीनों पदाधिकारियों का इनेलो के नलवा विधायक रणबीर गंगवा, बरवाला विधायक वेद नारंग, उकलाना विधायक अनूप धानक, जिला अध्यक्ष राजेंद्र लितानी, महिला विंग अध्यक्ष शीला भ्याण, युवा विंग अध्यक्ष अमित बूरा सहित अन्य पदाधिकारियों ने विजेता पैनल का फूलमालाओं से स्वागत किया। सभी पदाधिकारियों ने सेठ छाजूराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।