बरवाला शहर के दौलतपुर मार्ग पर रेलवे ट्रैक के नजदीक वीरवार दोपहर पेड़ पर रस्सी के सहारे एक युवक लटका मिला, जिसके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद सुसाइड नोट को कब्जे में लिया और शव का पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखवा दिया। मृतक की पहचान शहर के वार्ड 16 निवासी 27 वर्षीय सुनील के रूप में हुई है।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में बताया कि सुसाइड नोट में आई लव यू मां लिखा है और सुसराल पक्ष पर आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों द्वारा दिए बयान पर आगामी कार्रवाई की है। वीरवार दोपहर को रेलवे विभाग के कर्मचारी यादराम ने एक युवक को पेड़ से लटके हुए देखा। पास में उसकी बाइक भी खड़ी थी। बाद में मामले की जानकारी रेलवे पुलिस को दी गई। सूचना पर रेलवे पुलिस व सीन आफ क्राइम के डॉ. अजय ने मौके पर पहुंचकर वारदात स्थल का निरीक्षण कर जरूरी तथ्य जुटाए। इस दौरान पुलिस ने मृतक युवक का मोबाइल भी कब्जे में लिया है। पुलिस के अनुसार परिजनों के बयान लेकर व मोबाइल फोन में उपलब्ध जानकारी के आधार पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।