बिजली निगम की तरफ से शहर के सेक्टर 33 में 33 केवी का सब स्टेशन बनाया जाएगा। निगम ने सब स्टेशन के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से जमीन मांगी है। एचएसवीपी ने भी सब स्टेशन के लिए जमीन की तलाश शुरू कर दी है। एचएसवीपी की तरफ से जमीन मिलने के साथ ही निगम सब स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू कर देगा। सेक्टर में सब स्टेशन बनने से सेक्टरवासियों सहित आसपास की कॉलोनियों की करीब पांच हजार की आबादी को फायदा होगा।
बता दें कि लाइन लॉस कम करने को लेकर बिजली निगम द्वारा 33 केवी सब स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है। अभी हाल ही में शहर में आजाद नगर में 33 केवी सब स्टेशन बनाया गया है। इसके अलावा शहर के सेक्टर 1-4 व सेक्टर 9-11 में 33 केवी सब स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है।
सेक्टर 33 में हैं 2190 प्लॉट
सेक्टर 33 में अलग-अगल साइज के 2190 प्लॉट हैं, जिसमें से करीब 1800 प्लॉट एचएसवीपी की तरफ से अलॉट किए गए हैं। हालांकि अभी तक करीब 300 प्लॉटधारकों ने ही मकान बनाए हैं। चूंकि अभी सेक्टर को सेक्टर 14 सब स्टेशन से बिजली सप्लाई की जाती है। सेक्टर का खुद का सब स्टेशन बनने से सेक्टर 14 सब स्टेशन पर लोड कम होगा, वहीं सेक्टर 33 के लोगों को सुचारु रूप से बिजली सप्लाई मिलेगी।
सेक्टर 16-17 में प्रस्तावित सब स्टेशन के लिए जगह में किया फेरबदल
उधर, एचएसवीपी ने सेक्टर 16-17 में प्रस्तावित 33 केवी सब स्टेशन के लिए बिजली निगम को दी जाने वाली जमीन में थोड़ा बदलाव किया है। साथ ही इसे मंजूरी के लिए मुख्यालय भेज दिया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद इस जमीन को बिजली निगम को दे दिया जाएगा। बता दें कि पहले एचएसवीपी ने निगम को जो जमीन उपलब्ध कराई थी, उस जमीन के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिस वजह से निगम ने इस पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद निगम ने एचएसवीपी से जगह में बदलाव करने को कहा था।
हमने एचएसवीपी से जमीन की मांग की हुई है। अभी हमें जमीन नहीं मिली है।
- प्रवीण अरोड़ा, एसडीओ, बिजली निगम।