माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। यूथ बॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ हिसार की ओर से सब जूनियर लड़के व लड़कियों की जिलास्तरीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप 21 और 22 मार्च को आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता राजगढ़ रोड पर विद्या भारती स्कूल के पास स्थित मनजीत लोहान बॉक्सिंग क्लब में होगी।
एसोसिएशन के आयोजक सचिव सुनील राणा ने बताया कि प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी जन्म तिथि एक जनवरी 2012 से 31 दिसंबर 2013 के बीच है। खिलाड़ियों का वजन सुबह 7 से 8 बजे तक लिया जाएगा, जबकि मुकाबले सुबह 11 बजे से शुरू होंगे। प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियों के लिए 30-33 किलोग्राम से लेकर 70 किलोग्राम से अधिक तक विभिन्न भार वर्ग निर्धारित किए गए हैं।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज अनिवार्य किए गए हैं। इनमें जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, आयु प्रमाण पत्र, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, एचआईवी जांच रिपोर्ट और हेपेटाइटिस बी व सी की रिपोर्ट शामिल हैं। वहीं लड़कियों के लिए नॉन-प्रेग्नेंसी टेस्ट रिपोर्ट भी अनिवार्य होगी।
आयोजकों के अनुसार इच्छुक खिलाड़ियों का पंजीकरण वीरवार शाम पांच बजे तक किया जाएगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी खिलाड़ी का पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष भगत सिंह और महासचिव रविंदर पन्नू ने सभी अकादमी प्रशासकों और प्रशिक्षकों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।