सिवानी मंडी। सेठ मेघराज जिंदल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार और शनिवार को सुधार उत्सव आयोजित किया गया। इसके तहत विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने और महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां करवाई गईं।
दो दिवसीय कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. भूप सिंह गौड़ के मार्गदर्शन में हुआ। पहले दिन जागरूकता सत्र के साथ उत्सव का शुभारंभ किया गया। सांस्कृतिक प्रभारी प्रो. नीलम रानी के नेतृत्व में भूगोल विभाग के डॉ. धर्मवीर सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इस दौरान विद्यार्थियों को उत्सव के उद्देश्यों और संस्थागत विकास में उनकी भूमिका के बारे में बताया गया। साथ ही शैक्षणिक गुणवत्ता, पारदर्शिता और व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार के महत्व पर प्रकाश डाला गया। बीएससी तृतीय वर्ष के विद्यार्थी ललित कुमार ने नशा मुक्त युवा एवं विकसित भारत विषय पर प्रेरणादायक कविता प्रस्तुत की।
दूसरे दिन मेरा महाविद्यालय, मेरे सुझाव गतिविधि आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया, परीक्षा व्यवस्था, छात्रवृत्ति, डिजिटल सेवाओं, आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार के लिए सुझाव दिए।
आयोजकों के अनुसार उत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को समझकर महाविद्यालय की व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और विद्यार्थी हितैषी बनाना था। इससे विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और संस्थान के प्रति सहभागिता की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया।