हिसार। लाला लाजपतराय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) के वेटरनरी काॅलेज के विद्यार्थियों का धरना छठे दिन सोमवार भी जारी रहा। विद्यार्थी वजीफा बढ़वाने की मांग को लेकर धरना दे रहे हैं। सोमवार को विद्यार्थियों का प्रतिनिधिमंडल कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा से मिलने चंडीगढ़ भी पहुंचा था, लेकिन वे नहीं थे तो उनके सेक्रेटरी से मिलकर समस्या से अवगत करवाया।
इसके बाद सेक्रेटरी ने लुवास के वीसी से फोन पर बात की। इस मामले को लेकर वीसी जल्द ही चंडीगढ़ जाएंगे और अधिकारियों के सामने बात रखेंगे। विद्यार्थियों ने बताया कि इंटरर्नशिप बढ़वाने की मांग को लेकर 23 अप्रैल को होने वाली बैठक अब 9 मई को होगी। बता दें कि रविवार को भी विद्यार्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की थी।
धरने पर बैठे विद्यार्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका यह धरना जारी रहेगा। धरने पर बैठे विद्यार्थियों ने बताया कि इस मांग के संबंध में वे नवंबर 2024 से विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंप रहे हैं। इसके बावजूद भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्हें भी एमबीबीएस व बीडीएस स्टूडेंट की तरह 24310 रुपये भत्ता मिलना चाहिए जबकि उनको 17 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। विद्यार्थियों ने बताया कि वे वीसी डॉ. नरेश जिंदल, रजिस्ट्रार व डीन तक को ज्ञापन सौंप चुके हैं।