जमावड़ी में छात्रों द्वारा रोकी गई रोडवेज बस।
हांसी। बसों की देरी से गुस्साएं हांसी और हिसार जाने वाले विद्यार्थियों ने सोमवार सुबह गांव जमावड़ी से तीन रोडवेज बसों को करीब 30 मिनट रोके रखा। विद्यार्थियों का आरोप था कि रोडवेज बसें निर्धारित समय पर नहीं आ रही हैं जिससे वह कॉलेजों और अन्य स्थानों पर देरी से पहुंच रहे हैं।
विद्यार्थियों ने बताया कि गांव में सुबह 7 बजे से 9 बजे तक कोई भी बस नहीं आती, जिससे उन्हें काफी परेशानी होती है। 9:17 बजे जो बस आई वह पहले से ही यात्रियों से भरी हुई थी जिससे उन्हें खिड़कियों पर लटककर यात्रा करनी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही शेखपुरा चौकी इंचार्ज सिद्धार्थ मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों की समस्या सुनी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी समस्या को लेकर रोडवेज के जीएम से मिलें और बसों के समय में बदलाव की मांग करें। इसके बाद विद्यार्थियों ने बसों को जाने दिया और रोडवेज अधिकारियों से मिलकर समस्या का समाधान करने का फैसला लिया।