हांसी। शहर के उपमंडल स्तरीय नागरिक अस्पताल को 50 से 100 बेड का बनाने की प्रशासनिक अनुमति दे दी गई है। 100 बेड के अस्पताल के बनने के बाद सुविधाओं में विस्तार होगा और चिकित्सकों के पदों की संख्या 11 से बढ़ाकर 42 कर दी जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 16 दिसंबर को नागरिक अस्पताल को 100 बेड का बनाने की घोषणा की थी, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के अधिकारियों के पत्र के आधार पर अनुमति प्रदान की है।
अस्पताल का वर्तमान भवन 50 बेड का है, जिसे 100 बेड के हिसाब से विस्तार दिया जाएगा। नए भवन के निर्माण के लिए 2 से 4 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी, जबकि अस्पताल परिसर में पांच एकड़ से अधिक खाली जमीन मौजूद है। नए भवन में वार्ड और ओपीडी के लिए अलग-अलग कमरे बनाए जाएंगे। एक भवन में ओपीडी और दूसरे में वार्ड होंगे।
चिकित्सक और अन्य स्टाफ पदों में वृद्धि
100 बेड के अस्पताल के अनुसार अब यहां तीन एसएमओ, दो डिप्टी मेडिकल सुपरिडेंट, 42 चिकित्सक, 38 स्टाफ नर्स, 10 लैब टेक्नीशियन, 5 नर्सिंग सिस्टर और दो डेंटल सर्जन के पद स्वीकृत होंगे। इसके अलावा अन्य विभागीय पदों में भी वृद्धि की जाएगी। इससे महिला रोग, बाल रोग, दंत रोग, मेडिसन, हड्डी रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, चर्म रोग और मनोचिकित्सक जैसे विशेषज्ञों की कमी को पूरा किया जा सकेगा।
जिलास्तरीय अस्पताल का दर्जा भी प्रस्तावित
हांसी जिला बनने के बाद अस्पताल को जिला स्तरीय बनाने के लिए पत्राचार किया जा रहा है। जिला स्तर के अस्पताल बनने पर यहां एक सीएमओ और 8 डिप्टी सीएमओ के पद भी स्वीकृत होंगे। इससे अस्पताल का दर्जा बढ़ने के साथ-साथ स्थानीय मरीजों को हिसार या अग्रोहा जाने की आवश्यकता कम होगी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार नागरिक अस्पताल को जिला स्तरीय अस्पताल का दर्जा देने का आग्रह किया है।
:::::::
नागरिक अस्पताल को 100 बेड का बनाने की प्रशासनिक अनुमति मिल गई है। चिकित्सकों के पदों को लेकर अभी अनुमति मिलना बाकी है।- डॉ़ राहुल बुद्धिराजा, एसएमओ, नागरिक अस्पताल।