हिसार। सातरोड़ गांव के पास नहर पर नहाने गए चरखी दादरी निवासी छात्र पर कुछ युवकों ने तेजधार हथियार से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घायल से सोने की चेन छीनी और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। जख्मी हालत में युवक के जीजा ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इस संबंध में सदर थाना पुलिस ने डाबड़ा चौक निवासी नसीब, विनय व अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सदर थाना में दी गई शिकायत में मूलरूप से चरखी दादरी निवासी ओजस यादव ने बताया कि वह हिसार के जाट कॉलेज का बीए द्वितीय वर्ष का छात्र हूं और डाबड़ा चौक के पास अपने जीजा संदीप के पास रहता हूं। पांच मई को जीजा संदीप, उसका दोस्त विक्रम और तीन चार अन्य के साथ सातरोड़ के पास से गुजरने वाली नहर पर नहाने के लिए गए थे। जीजा और उसके दोस्त नहर में नहा रहे थे। मैं नहर किनारे खड़ा था। इसी दौरान डाबड़ा चौक के पास रहने वाला नसीब और विनय अपने कुछ साथियों के साथ आया। नसीब ने ओजस के सिर पर शराब की बोतल मारी। फिर कंधे पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद विनय ने उसकी सोने की चेन झपट ली। मामले की जांच कर रहे एसआई पवन कुमार ने बताया कि घायल के बयान पर दो नामजद समेत अन्य पर केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।