हिसार। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा और हॉस्टल आवंटन को लेकर संयुक्त छात्र मोर्चा ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर संवेदनहीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। मोर्चा का कहना है कि मौजूदा हॉस्टल नीति के कारण छात्राओं को मानसिक तनाव, असुरक्षा और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्र संगठनों के अनुसार प्रथम वर्ष में हॉस्टल मिलने के बावजूद दूसरे वर्ष में कई स्नातक छात्राओं को आवास सुविधा से वंचित कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा छात्राओं के बाहर रहने की व्यवस्था को अपनी जिम्मेदारी न मानना चिंताजनक है। मोर्चा का आरोप है कि हॉस्टल आवंटन केवल मेरिट के आधार पर किया जा रहा है जबकि सुरक्षा, आयु, दूरी और सामाजिक परिस्थितियों जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की अनदेखी की जा रही है।
छात्र नेता विकास बनभौरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा नए गर्ल्स हॉस्टल का उद्घाटन किए जाने के बावजूद छात्राओं को आवास संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।