कस्बे की शिव कॉलोनी में मंगलवार शाम अपने दोस्त के घर आए सातवीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में लाइसेंसी पिस्तौल से चली गोली लगने से मौत हो गई। गोली छात्र के माथे में लगी थी। शव को हिसार के नागरिक अस्पताल में रखा है।
जांच अधिकारी हरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि हिसार की कटला मार्केट में मेडिकल एजेंसी चलाने वाले आदमपुर निवासी रवि गोयल का बेटा दैविक (12) शाम करीब छह बजे अपने दोस्त अजय सुथार के घर गया था। दोनों शिमला टूर पर जाने की तैयारी कर रहे थे। अजय कमरे में अलमारी में रखी अपनी घड़ी लेने के गया।
अलमारी में उसके पिता की लाइसेंसी पिस्तौल भी रखी थी। इसी दौरान कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज आई। बाहर गली में खड़ी अजय की मां भागकर अंदर आई देखा कि दैविक के माथे में गोली थी और वह फर्श पर लहूलुहान पड़ा था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दैविक को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। परिजन वहां से हिसार के जिला नागरिक अस्पताल लाए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि अभी परिजनों के बयान नहीं हुए हैं। ऐसे में गोली कैसे चली इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।