छठ महापर्व के चलते पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों में भारी रस के चलते यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। आलम यह है कि ट्रेनों में सवार होने के लिए यात्रियों को धक्का-मुक्की हो रही है। इसके चलते कई वेटिंग टिकट वाले यात्रियों तो कोच में घुस जाते हैं और कई कनफर्म टिकट वाले कोच में सवार ही नहीं हो पा रहे हैं।
एक सप्ताह से गोरखधाम एक्सप्रेस में श्रद्धालु छठ पर्व मनाने अपने घर जा रहे हैं। वीरवार को रेलवे स्टेशन पर पहुंची गोरखधाम एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए घमासान मचा था। सामान्य डिब्बों में पैर रखने के लिए जगह नहीं थी। पायदान पर श्रद्धालु खड़े थे। शाम को जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंची तो यात्री ट्रैक की तरफ से दौड़ते हुए चढ़ते दिखाई दिए। ट्रेन के दोनों तरफ भीड़ होने के कारण यात्रियों को उतरने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान लोग जान जोखिम में डालते नजर आए।
रेलवे स्टेशन पर गोरखधाम एक्सप्रेस में दो सामान्य डिब्बे लगे हैं। मगर वीरवार को इस ट्रेन में जाने के लिए 3000 से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे हुए थे। भीड़ व सीट नहीं होने के कारण कईयों की ट्रेन तक छूट गई। वहीं, कई यात्रियों ने रिफंड लिया। उल्लेखनीय है कि गोरखधाम एक्सप्रेस रोजाना गोरखपुर से हिसार होकर बठिंडा जाती है। वापसी में बठिंडा से ट्रेन चलने का समय दोपहर 2.15 बजे है। यह ट्रेन शाम को 4.35 बजे हिसार पहुंचती है। यहां पांच मिनट ठहराव के बाद 4.40 बजे रवाना होती है। वहीं, वीरवार को ट्रेन आने के दौरान स्टेशन पर रेलवे पुलिस भी नजर नहीं आई। वहीं एक दिन की हड़ताल के बाद रोडवेज बस सेवा सुचारू रही।