सिवानी मंडी। शहर में आवारा पशुओं व सांड़ों का खौफ इतना बढ़ गया है कि दुकानदारों, राहगीरों व वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। ये आवारा पशु व सांड़ों का झुंड बाजारों में घुसकर दुकानदारों को परेशान करता है। वहीं बीच सड़क पर बैठकर रास्ते को पूरी तरह से अवरूद्ध कर देते हैं। नगर पालिका प्रशासन इस समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
शहर के पुराना बस स्टैंड, मंडी मोड, गुरेरा मोड़, तोशाम मोड पर आवारा पशु दुकानदारों द्वारा इकट्ठे किए गए कूड़े और कचरे को नगरपालिका के कर्मचारियों के आने से पहले ही बिखेर देते हैं। वहीं दूसरी ओर आवारा पशु राहगीरों के लिए भी सिरदर्द का कारण बने हुए हैं। सुबह-सुबह छोटे-छोटे बच्चों का स्कूल जाने में भी परेशानी होती है। दुकानदार रोहित सोनी, डॉ. सुरेश सोनी, पूर्व पार्षद पुष्पा देवी, दिव्या राजपूत, मंजू राजपूत, प्रेम अरोड़ा, पवन मेहता का कहना है कि बाजार में दिनभर आवारा पशु घूमते रहते हैं। मौका मिलते ही यह पशु दुकानों के अंदर भी घुसकर दुकानों में तोड़फोड़ कर देते हैं। बुधवार को भी आवारा पशुओं ने पीर बाबा गली में ज्वेलरी शॉप, गिफ्ट गैलरी व सेलून में घुसकर नुकसान पहुंचाया है। दुकानदारों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि इन आवारा पशुओं को इनको गोशाला भिजवाया जाए। नगर पालिका सचिव सुनील कौशिक ने कहा कि बाजार में आवारा पशुओं के घूमने का मामला संज्ञान में आया है। नगर पालिका की तरफ से आवारा पशुओं को पकड़ने का जल्द अभियान चलाया जाएगा। आवारा पशुओं को पकड़कर गोशाला में छुड़वाया जाएगा।