प्रदेश की सभी यूनिवर्सिटी का दायरा तय किया जाएगा। ऐसा होने के बाद सभी कॉलेजों को जिला मुख्यालय की यूनिवर्सिटी से ही जोड़ दिया जाएगा। जिन जिलों में यूनिवर्सिटी नहीं, वहां के कॉलेज सबसे नजदीक वाले जिले की यूनिवर्सिटी से जुडे़ंगे। प्रदेश के कुल 22 जिलों को 10 यूनिवर्सिटी के दायरे में किया जाएगा।
प्रदेश सरकार की ने उच्च शिक्षा सुधार के लिए बनाई गई प्रोफेसर बीके कुठियाला कमेटी की रिपोर्ट को लागू करते हुए सभी यूनिवर्सिटी का दायरा तय करने का फैसला लिया है। प्रदेश में कुल 22 जिले हैं। इन जिलों को 10 यूनिवर्सिटी के अधीन लाया जाएगा। औसतन हर दो जिलों के लिए एक यूनिवर्सिटी होगी। फिलहाल प्रदेश के अधिकतर डिग्री कॉलेज एमडीयू और केयूके के अधीन हैं। ऐसा होने के कारण कुछ यूनिवर्सिटी महज अपने कैंपस तक सीमित हैं। एमडीयू-केयूके के पास सैकड़ों कॉलेज हैं। अब सभी यूनिवर्सिटी को उनके जिलों के कॉलेज सौंपे जाएंगे।
22 मार्च को 10 यूनिवर्सिटी के कुलपतियों की हुई थी बैठक
सीएम मनोहर लाल की अध्यक्षता में 22 मार्च को 10 यूनिवर्सिटी के कुलपतियों की बैठक हुई थी, जिसमें एमडीयू, केयूके, जीजेयू, सीडीएलयू, आईजीयू मीरपुर रेवाड़ी, सीबीएलयू भिवानी, सीआरएसयू जींद, वाईएमसीए फरीदाबाद, बीपीएस खानपुर सोनीपत, मुरथल यूनिवर्सिटी सोनीपत के कुलपति शामिल हुए थे। बैठक में सभी कुलपतियों ने प्रोफेसर बीके कुठियाला की रिपोर्ट लागू करने पर सहमति जताई। इस रिपोर्ट के लागू होने के बाद संबंधित जिले के सभी कॉलेज उस यूनिवर्सिटी से जुड़ जाएंगे, जिसमें डिग्री कॉलेज, बीएड कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज शामिल होंगे। ऐसा होने पर स्टूडेंट्स को काफी राहत होगी। छात्रों, कॉलेज शिक्षकों, स्टाफ को अपने छोटे छोटे काम के लिए सैकड़ों किलोमीटर दूर नहीं जाना होगा।
हरियाणा में कॉलेजों की संख्या
हरियाणा में बीएड कॉलेज...391
प्रदेश में डिग्री कॉलेज.....221
पॉलीटेक्निक एवं इंजीनियरिंग कॉलेज.....351
एमबीए- एमसीए कॉलेज....238
प्रदेश में लॉ कॉलेज ...45
मेडिकल- नर्सिंग कॉलेज ....159
प्रदेश में फार्मेसी कॉलेज ...32
----------------------------------------
यूनिवर्सिटी... संभावित जिले
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी कुरुक्षेत्र --- कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला
महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी रोहतक-- रोहतक, झज्जर
चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी सिरसा-- - सिरसा, फतेहाबाद
गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी हिसार --हिसार
चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी जींद ---- जींद, कैथल
इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी मीरपुर, रेवाड़ी--- रेवाड़ी, महेंद्रगढ़
बीपीएस यूनिवर्सिटी खानपुर सोनीपत -पानीपत, करनाल
वाईएमसीए यूनिवर्सिटी फरीदाबाद - फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, मेवात
चौधरी बंसीलाल यूनिवर्सिटी भिवानी --भिवानी, चरखी दादरी
डीसीआरयूसीटी मुरथल, सोनीपत --सोनीपत
प्रोफेसर बीके कुठियाला कमेटी की रिपोर्ट में यूनिवर्सिटी का दायरा तय करने का प्रस्ताव है। जिस पर अभी तक अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
- ए श्रीनिवास, निदेशक, उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा