नारनौंद। गांव राजपुरा के पास हांसी-जींद मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार ठेकेदार की मौत हो गई। हादसे के बाद कार भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई जिससे उसमें सवार लोगों को भी चोटें आईं। एएसआई वीरेंद्र घटना की जांच कर रहे हैं।
पुलिस को दी शिकायत में गांव राजपुरा निवासी कुलदीप ने बताया कि उनके बड़े भाई सतबीर रोज सुबह गांव के मंदिर में पूजा करने जाते थे। मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे वह अपनी बाइक पर सवार होकर मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान गांव माढ़ा की ओर से पीछे से आई कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
शिकायत के अनुसार कार की टक्कर लगने के बाद सतबीर बाइक सहित सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बाइक सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी जबकि कार का संतुलन बिगड़ने से वह भी कुछ दूरी पर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल सतबीर को पहले हांसी के निजी अस्पताल और फिर नागरिक अस्पताल में ले गए। वहां डॉक्टरों ने उनकी मौत की पुष्टि की। मृतक के भाई कुलदीप के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक सतबीर सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदारी करते थे।