सिरसा। मकर संक्रांति के त्योहार के दौरान पतंगबाजी का उत्साह जहां चरम पर है, वहीं पुलिस ने चीनी मांझे के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति चीनी मांझे का इस्तेमाल करते पकड़ा जाएगा, उसे न केवल जेल भेजा जाएगा, बल्कि गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने पर अदालत के चक्कर भी काटने पड़ सकते हैं।
एसपी ने बताया कि पुलिसकर्मी पतंगबाजी के दौरान हवा में उड़ती पतंगों पर नजर रखेंगे और यह जांचेंगे कि कौन सा मांझा इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने सभी थाना प्रबंधकों और चौकी प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे बाजारों में चीनी डोर की बिक्री पूरी तरह से रोकें और अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। चीनी मांझा न केवल पशु-पक्षियों के लिए खतरनाक है, बल्कि यह मानव जीवन के लिए भी बड़ा जोखिम बन चुका है। कई दुर्घटनाओं में यह जानलेवा साबित हुआ है, जिनमें गर्दन कटने या गंभीर चोटों से मौतें हुई हैं। एसपी ने कहा कि चीनी मांझा पारंपरिक सूती धागे के बजाय अधिक तेज और मजबूत होता है, जिसके कारण यह अक्सर हादसों का कारण बनता है।
एसपी ने जनता से अपील की है कि वे अपने बच्चों को चीनी मांझे का उपयोग न करने दें। इसके अलावा यदि किसी को चीनी डोर की अवैध बिक्री या भंडारण के बारे में जानकारी हो, तो वे पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा और दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।