हिसार। 12 क्वार्टर निवासी सात वर्षीय पार्थ की मौत मामले में एसपी बलवान सिंह राणा ने पत्रकारवार्ता आयोजित कर मामले से जुड़े खुलासे किए हैं। एसपी ने बताया कि पार्थ की मौत के बाद मान अस्पताल की डीवीआर को एएसपी उपासना और सीएमओ डॉ. रत्ना भारती की मौजूदगी में कई अधिकारियों ने देखा था। एसपी ने बताया कि उस दौरान डीवीआर में चार लोग दिखाई दिए थे। इस डीवीआर में दो डॉक्टर और दो अन्य लोग थे। इनमें एक डॉक्टर हिसार निवासी और एक अंबाला निवासी है।
ये दिखा डीवीआर में
एसपी ने बताया कि डीवीआर में दिखा है कि पार्थ को एक डॉक्टर एनेस्थीसिया दे रहा है और एक डॉक्टर पार्थ की सर्जरी करता है। इसके अलावा दो अन्य उनकी मदद के लिए साथ खड़े हैं। एसपी ने बताया कि एनेस्थीसिया देने वाले डॉ. आदित्य हिसार से हैं। सर्जरी करने वाले डॉ. अमित अंबाला से हैं। एसपी ने बताया कि पांच मिनट के अंदर ही पार्थ की मौत की सूचना मिलते ही डॉ. मान नीचे से ऊपर ऑपरेशन थियेटर पहुंचते हैं।
गिरफ्तारी को लेकर ये बोले एसपी
पार्थ की मौत के बाद से ही डॉ. मान की गिरफ्तारी की मांग उठने लगी थी। जिस पर एसपी ने सीएमओ से संपर्क किया और ऑपरेशन थियेटर में मौजूद डॉ. आदित्य और डॉ. अमित के दस्तावेज चेक किए तो दोनों के दस्तावेज आईएमए ये रजिस्टर्ड मिले। ये दस्तावेज इसलिए चेक किए गए थे कि पुष्टि हो सके कि ये डॉक्टर हैं या नहीं। एसपी ने बताया कि क्योंकि ये कहा जा रहा था कि पार्थ को एनेस्थीसिया डॉ. मान ने दिया है या कंपाउंडर ने। एसपी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार जब तक मामले में कोई डॉक्टर दोषी नहीं पाया जाता, तब तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सकता। एसपी ने बताया कि डॉ. मान के अस्पताल से मिली दवाओं को लेकर जांच कमेटी से बात की गई तो सामने आया कि ये दवाएं उतनी मात्रा में ही मिली, जितनी मात्रा में अस्पताल में रखने की अनुमति है।
सोशल मीडिया पर भड़काने की न करें कोशिश
एसपी ने पत्रकारवार्ता के दौरान कहा कि पार्थ की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी भड़काने का प्रयास किया गया है। एसपी ने लोगों से अपील की है कि किसी भी मामले को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काने का प्रयास न करें। विधायक डॉ. कमल गुप्ता के निवास पर हुई तोड़फोड़ मामले में एसपी ने कहा कि कैंडल मार्च शांतिपूर्वक होता है, जो कि किसी मृतक को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से निकाला जाता है, न कि तोड़फोड़ कर। एसपी ने दावा किया कि कैंडल मार्च के दौरान जिला पुलिस प्रत्येक जगह मौजूद थी।
गिरफ्तारी नहीं तो रहेगा शहर बंद
- 27 व 28 का दिया जाएगा धरना, 29 को शहर बंद
पार्थ की मौत मामले को लेकर सोमवार को शहर के व्यापारी व जनप्रतिनिधियों की कमेटी ने बैठक की। इस दौरान बैठक की अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी नहीं होती है तो 27 व 28 जनवरी को सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक नागोरी गेट के बाहर धरना दिया जाएगा। इसके बाद 29 जनवरी को शहर बंद कर विरोध जताया जाएगा। पार्थ की मौत के बाद रविवार को अग्रसेन भवन में 51 सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी। सोमवार को बैठक के दौरान कमेटी सदस्य राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के जिला अध्यक्ष अक्षय मलिक, हिसार विधानसभा पूर्व प्रत्याशी रामनिवास राड़ा, पवन गिरधर, पूर्व सरपंच गुलजार सिंह काहलो, वार्ड- 14 पार्षद अमित ग्रोवर, पंकज दीवान, होलसेल क्लॉथ मार्केट एसोसिएशन पूर्व प्रधान रमेश रॉयल, बिश्नोई मंदिर व राजगुरु मार्केट एसोसिएशन प्रधान राजेंद्र चुटानी, सुभाष मार्केट प्रधान अशोक मग्गू, राजगुरु मार्केट ऑर्गेनाइजेशन प्रधान अजय सैनी, लक्ष्मी मार्केट एसोसिएशन प्रधान अशोक असीजा, राजगुरु मार्केट एसोसिएशन के प्रधान गौतम नारंग, पूर्व प्रधान महेश चौधरी, सचिव सुरेंद्र बजाज, व्यापार मंडल जिला प्रधान रमेश लोहिया, महासचिव तिलक जैन, शहरी प्रधान मंगल ढालिया, भगत सिंह मार्केट प्रधान रवि आहूजा, अनाज मंडी जिला प्रधान पवन गर्ग, लोहा मंडी प्रधान सीताराम सिंगल, पड़ाव बाजार एसोसिएशन प्रधान नरेश बंसल, पुरानी मंडी रोड प्रधान मुनीष गोयल, ऑटो मार्केट स्पेयर पार्ट्स प्रधान बंटी गोयल, भगवान परशुराम जन सेवा समिति प्रधान योगेश शर्मा, रेड स्क्वेयर मार्केट प्रधान प्रवीण गुप्ता, मोहित वधवा, मनोज हसीजा, अजय गोयल, प्रदीप सैनी, अमन शर्मा, महेंद्र कथूरिया, संदीप शर्मा, ललित भाटिया व निरंजन गोयल मौजूद रहे।
पार्थ की मौत के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर रविवार को निकाला गया था कैंडल मार्च।- फोटो : Hisar