हिसार। हरियाणवी ग्राम्य जीवन पर बनी फिल्म ‘छोरियां छोरों से कम नहीं होती’ की कामयाबी के बाद भाजपा नेता एवं अभिनेत्री सोनाली फोगाट का कई हिंदी फिल्म व हरियाणा थीम पर बनने वाली आगामी फिल्मों के लिए चयन कर लिया गया था। बॉलीवुड अभिनेता व फिल्म निर्माता सतीश कौशिक सोनाली फोगाट के साथ फिल्म करने की योजना बना चुके थे। छोरियां छोरों से कम नहीं होती फिल्म के सेकेंड पार्ट में भी सोनाली धमाकेदार किरदार में नजर आने वाली थीं। शूटिंग के सेट पर सोनाली अन्य कलाकारों के लिए घर से भोजन बनाकर ले जाती थीं।
फिल्म निर्माता एवं अभिनेता सतीश कौशिक, उनकी पूरी टीम समेत हरियाणवी कलाकारों से लेकर बॉलीवुड की हस्तियों ने सोनाली फोगाट की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दो साल पहले सोनाली फोगाट को हरियाणा कला परिषद हिसार मंडल का निदेशक बनाया गया था। निदेशक के पद संभालते ही सोनाली फोगाट हरियाणवी लोक कलाकारों व यूथ फेस्टिवल से निकलने वाले युवा कलाकारों के हित में कई योजना तैयार करवाना चाहती थी।
सोनाली फोगाट की मौत की खबर से मुझे बहुत दुख हुआ। ऐसा सोचा भी नहीं था कि सोनाली इस प्रकार हमें छोड़कर चली जाएंगी। सोनाली फोगाट ने मेरे चौधर गाने पर जबरदस्त मॉडलिंग की थी। उनकी मौत से उनकी बेटी का दुख भी बहुत असहनीय है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति दे व सोनाली की बेटी को दुख सहन की करने की ताकत दे। - राजू पंजाबी, हरियाणवी गायक
सोनाली फोगाट को हम हमेशा याद करेंगे। वह एक बहुत अच्छी इंसान होने के साथ-साथ बहुत अच्छी कलाकार थीं। छोरियां छोरों से कम नहीं होती फिल्म में सोनाली फोगाट ने डीएसपी का जोरदार किरदार निभाया था। सोनाली फोगाट शूटिंग के सेट पर काफी हंसमुख रहती थीं। हम सबको खूब हंसाती थीं। शूटिंग के दौरान घर से भोजन बनाकर लाती थी। ऐसे कलाकार की मौत की खबर सुनते ही हमें बहुत ही दुख हुआ है। सोनाली फोगाट के हमारे साथ परिवार जैसे संबंध हो गए थे। - सतीश कौशिक, बॉलीवुड अभिनेता व फिल्म निर्माता।
सोनाली फोगाट की मौत की खबर सुनकर एक बार तो हमें विश्वास ही नहीं हुआ। उनकी मौत ने सब कलाकारों व उनके चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है। सोनाली फोगाट ने हमारे साथ छोरियां छोरों से कम नहीं होती फिल्म में काम किया था। वह बहुत ही मंझी हुई अदाकार थीं। शूटिंग के दौरान एक बार डायलॉग बताते ही सोनाली उसी तरीके से बोलती थीं। उनकी अदाकारी के बॉलीवुड फिल्म निर्माता व निदेशक भी कायल हो गए थे। - राजेश बब्बर, निर्देशक, मुंबई