भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं टिकटॉक स्टार सोनाली फौगाट ने एक दिन पहले सुल्तान सिंह का पक्ष लेने वालों के परिवार की महिलाओं को लेकर किए गए कमेंट्स पर माफी मांगी है। सोनाली ने फेसबुक पर लाइव आकर कहे गए शब्दों के लिए खेद जताया और भविष्य में ऐसी बातें नहीं कहने का भरोसा दिलाया।
सोनाली ने कहा है कि अब जो भी उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर गलत शब्द लिखेंगे, उनके खिलाफ केस दर्ज करवाएंगे। गौरतलब है कि रविवार को सब्जी मंडी का दौरा करने पहुंचीं सोनाली ने सोशल मीडिया पर सुल्तान सिंह का पक्ष लेने वालों को अपने परिवार की महिलाएं उसके पास भेजने तक की बात कह डाली थी। बाद में सोशल मीडिया पर इसकी निंदा की गई तो अब उन्होंने माफी मांगी है।
बोलीं - महिला होने के नाते मुझे ऐसे शब्द नहीं कहने चाहिए थे
17 मिनट 27 सेकेंड तक के फेसबुक लाइव में सोनाली ने कहा कि बालसमंद प्रकरण के बाद से बार-बार उनके प्रति सोशल मीडिया अकाउंट्स ट्विटर, फेसबुक व इंस्टाग्राम पर गंदे शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। शायद मेरे शब्दों से महिला का अपमान हुआ है, इसलिए महिला होने के नाते मुझे यह नहीं कहना चाहिए था। मैंने लोगों के कमेंट्स की वजह से एग्रेसिव होकर यह बात कह दी। मुझे ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए था।
पार्टी से भी माफी मांगती हूं
फेसबुक लाइव में सोनाली ने कहा कि मेरी पार्टी का संगठन इस बात का कभी समर्थन नहीं करता कि इस तरह के शब्दों का प्रयोग किया जाए। इसलिए मैं अपनी पार्टी से भी माफी मांगती हूं। आगे से इन चीजों का ध्यान रखूंगी। गलत प्रवृत्ति के लोगों को इग्नोर करूंगी और सोशल मीडिया पर जो भी गलत लिखेगा, उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाकर कार्रवाई करवाएंगे। ऐसे लोगों को रोकने के लिए कानून का सहारा लेंगे।