सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के लिए प्रदेश सरकार ने 32 एकड़ जमीन का प्रस्ताव मंजूर कर लिया है। निगम को यह जमीन एक रुपया प्रति वर्ष प्रति एकड़ के हिसाब से 33 साल के लिए लीज पर मिलेगी। जल्द ही जमीन हस्तांतरण की फाइल निगम पहुंचेगी।
सिरसा रोड पर प्रस्तावित 32 एकड़ भूमि में बनने वाले सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की प्रस्तावित जमीन का वीरवार को डीसी निखिल गजराज ने मुआयना किया। उनके साथ नगर निगम के अलावा अन्य विभागों को अधिकारी भी मौजूद थे। हरियाणा विधानसभा सत्र में हिस्सा लेने के बाद वीरवार को सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता हिसार पहुंचे। उन्होंने बताया कि सीएम मनोहरलाल से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की जमीन को लेकर मंथन किया था, जिसके बाद सीएम ने इस जमीन की फाइल क्लियर करने के निर्देश दिए। संबंधित विभाग की ओर से जमीन लीज पर देने को लेकर सहमति मिल गई है।
सीएम ने 2014 में किया था एलान
प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने 29 दिसंबर 2014 को कई बड़ी सौगातें देने का एलान किया था। इसमें निगम एरिया के लिए एक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का प्रोजेक्ट भी मंजूर किया गया था। यह प्लांट सिरसा रोड पर करीब 32 एकड़ भूमि में बनाया जाना है।
32 रुपये सालाना की लीज पर मिलेगी जमीन
सर्कल रेट के हिसाब से सिरसा रोड पर नेशनल हाइवे के साथ लगती जमीन का रेट एक करोड़ रुपये प्रति एकड़ से अधिक है। निगम को यहां राजकीय पशुधन फार्म की 32 एकड़ जमीन की जरूरत है, जिसके लिए जीएलएफ ने 32 करोड़ रुपये मांगे थे। निगम ने इतनी बड़ी रकम चुकाने में असमर्थता जाहिर कर दी थी, जिसके बाद सीपीएस कमल गुप्ता ने सॉलिड वेस्ट प्लांट के लिए नि:शुल्क जमीन देने का प्रस्ताव रखा था। अब निगम को यह जमीन एक रुपया प्रति एकड़ सालाना की लीज पर मिलेगी। निगम हर साल लीज के 32 रुपये चुकाएगा।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के जमीन लीज पर देने का प्रस्ताव सरकार की हाई अथॉरिटी ने मंजूरी प्रदान कर दी है। निगम के 33 साल के लिए यह जमीन लीज पर दी जाएगी। एक रुपया प्रति एकड़ प्रति वर्ष के हिसाब से जमीन निगम को मिलेगी।
- डॉ. कमल गुप्ता, सीपीएस, हरियाणा