हिसार में समाज के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हरियाणा अग्रवाल विकास संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष
सिवानी मंडी (हिसार)। महाराजा अग्रसेन भवन में सोमवार को हरियाणा अग्रवाल विकास संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष व हरियाणा कॉन्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में वैश्य समाज के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ समाज को एकजुट होने की जरूरत है। बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने और जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
बजरंग गर्ग ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्गों की अधिक से अधिक मदद करना है। इस दिशा में संगठन को पूरे प्रदेश में पहले से अधिक सशक्त किया जा रहा है। संगठन द्वारा जरूरतमंद 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह 23 मार्च को महाराजा अग्रसेन भवन, हिसार में बड़े धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न टीमें गठित कर दी गई हैं, जो जोड़ों के चयन और विवाह संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप देंगी।
गर्ग ने बताया कि संगठन द्वारा देश और प्रदेश में युवक-युवती परिचय सम्मेलन भी आयोजित किए जा रहे हैं ताकि युवक-युवतियों को एक मंच पर मनचाहा वर-वधू मिल सके। बजरंग गर्ग ने नशे के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालने के लिए संगठन नशा मुक्ति अभियान चला रहा है। इसके तहत जगह-जगह जागरूकता बैठक और नशा मुक्ति कैंप आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने हरियाणा सरकार से अपील की कि नशे के व्यापार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर उद्योगपति व समाजसेवी राजेश केडिया, कृष्ण फोगला, पवन ईशरवाल सहित अन्य मौजूद रहे।