हांसी। रामायण टोल प्लाजा के समीप पिकअप गाड़ी के चालक व परिचालक से मारपीट कर दो हजार रुपये की नकदी छीन ली। नकदी छीनकर तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस को दी शिकायत में राजस्थान के अलवर जिले के नीकच गांव निवासी सद्दाम हुसैन ने बताया कि वह चालक का काम करता है। वह राजस्थान के अलवर के तिजारा के मुबारिक की पिकअप गाड़ी चलाता है।
गाड़ी में मोहम्मद ताहिर हेल्पर का काम करता है। शनिवार रात को वह और मोहम्मद ताहिर अलवर से सिरसा किन्नु लेने के लिए जा रहे थे। जब वह सुबह छह बजे रामायण टोल प्लाजा के पास गाड़ी रोक कर चाय पीने के लिए नीचे उतरे तो पीछे से एक गाड़ी रुकी। गाड़ी से तीन युवक नीचे उतरे। उनमें से एक ने हाथ में डंडा ले रखा था। युवकों ने उन्हें कहा कि गाड़ी की किश्त रुकी हुई है। इसके बाद एक युवक ने उसका गला पकड़ लिया। उसकी जेब से दो हजार रुपये निकाल लिए। बचाने आए हेल्पर मोहम्मद के साथ भी मारपीट की। दोनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
बंद फैक्टरी से दो लाख रुपये का सामान चोरी
हांसी। कुंदनापुर रोड पर बंद फैक्टरी से चोरों ने मशीनों के तार व अन्य सामान चुरा लिया। करीब दो लाख रुपये का सामान चोरी हुआ। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में जगदीश कॉलोनी निवासी सुमित लांबा ने बताया कि उसकी कुंदनापुर रोड पर एलजी मेटल के नाम से फैक्टरी है। जोकि बंद है।
करीब दो-तीन दिन पहले रात को उनकी फैक्टरी में चोरी हो गई। चोर मुख्य गेट के ऊपर से जाकर अंदर का ताला तोड़कर फैक्टरी में घुसे। वहां मशीनों की फिटिंग के करीब 200 मीटर लंबे कॉपर के तार चुरा लिए। करीब तीन मशीनों की बिजली की मोटर, लोहा व स्टेनलेस स्टील के कब्जे चोरी कर लिए। पड़ोस की फैक्टरी में रहने वाले मुन्ना मिस्त्री ने उनके मैनेजर को चोरी की सूचना दी।