सिवानी मंडी। शहर की सबसे बड़ी सांस्कृतिक संस्था श्री राम नाटक क्लब द्वारा आयोजित 45वां दशहरा महोत्सव वीरवार रात श्रद्धा, भक्ति और पराक्रम का अनुपम साक्षी बना। अत्याचार और अहंकार के प्रतीक 70 फीट ऊंचे रावण पुतले के दहन के साथ ही रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने अंधकार को आलोक में बदल दिया। यह दृश्य हर दर्शक के हृदय में सत्य की विजय के रूप में अमिट छाप छोड़ गया।
रावण वध के पश्चात मंच पर लक्ष्मण को दिए रावण के अंतिम उपदेश का दृश्य प्रस्तुत हुआ, जिसे देखकर दर्शक आत्ममंथन के लिए प्रेरित हुए। जीवन की नश्वरता और ज्ञान की सार्थकता का यह प्रसंग तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा गया। इससे पहले दशहरा मैदान में रामलीला के दाैरान राम और रावण का युद्ध मंच पर जीवंत हुआ, तो बाणों की टकराहट, गर्जन और संवादों ने दर्शकों को त्रेतायुग के महासंग्राम का साक्षात्कार कराया। विभीषण ने श्रीराम को रावण की नाभि में छिपे रहस्य का संकेत दिया और प्रभु राम ने अग्निबाण चलाकर रावण का वध कर दिया। इसके बाद सिवानी शहर जय श्रीराम और जय श्रीहनुमान के उद्घोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुप्रसिद्ध समाजसेवी जितेंद्र जिंदल ने प्रभु श्रीराम की आरती से किया। उन्होंने कहा कि हम केवल पुतला नहीं जलाते, बल्कि यह बुराइयों के अंत का प्रतीक है। सच्चा बल विनम्रता और सत्य में ही होता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए क्लब के प्रधान पवन मोटू ने कहा कि यह आयोजन केवल परंपरा नहीं, बल्कि समाज को राम के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास है।