आदमपुर। शिव कॉलोनी निवासी 12 वर्षीय छात्र दैविक गोयल की गोली मारकर हत्या के मामले की जांच के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक मुदगिल की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय दल मामले से जुड़े सभी पहलुओं और साक्ष्यों की जांच करेगा।
एसआईटी गठन के बाद परिजनों ने बुधवार को प्रस्तावित आदमपुर बंद और धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। एसआईटी में साइबर क्राइम थाने के एचएसओ इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह, साइबर सेल प्रभारी पीएसआई अमित और डब्ल्यूआई इंस्पेक्टर कविता को शामिल किया गया है।
एसआईटी गठित होने के बाद पीड़ित परिवार ने बुधवार को प्रस्तावित आदमपुर बंद और धरना-प्रदर्शन स्थगित कर दिया। मृतक छात्र दैविक गोयल के पिता रवि गोयल और ताऊ बिशंबर गोयल ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा आदमपुर उनके साथ खड़ा है। परिवार को उम्मीद है कि पुलिस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच करेगी, जिससे वास्तविक तथ्य सामने आएंगे और उन्हें न्याय मिलेगा।