रावण के पुतला दहन का ड्रोन से लिया गया चित्र।
हिसार। श्रीबद्री-केदार रामलीला समिति विद्युतनगर की ओर से मंगलवार शाम आयोजित दशहरा महोत्सव में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन कर सत्य और धर्म का संदेश दिया गया। समाजसेवी एवं उद्यमी राकेश बंसल की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में विधायक सावित्री जिंदल मुख्य अतिथि रहीं।
इंजीनियर एसएस कैंतुरा और राकेश शर्मा राज्याभिषेक समारोह के अध्यक्ष रहे, जबकि पूर्व महापौर शकुंतला राजलीवाला और भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष राहुल सैनी अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समिति के प्रधान प्रेम सिंह रावत ने बताया कि महोत्सव में 52 फीट ऊंचे रावण, 50 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और 48 फीट ऊंचे मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और आतिशबाजी ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
प्रेस प्रभारी अनिल भट्ट ने बताया कि समिति हर वर्ष रामलीला और दशहरा महोत्सव को भव्य बनाने के लिए नए प्रयास करती है। इसका उद्देश्य धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ युवा पीढ़ी तक भगवान श्रीराम के आदर्शों, सत्य, धर्म और मर्यादा का संदेश पहुंचाना है।