गुरुग्राम / हिसार। सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में सब इंस्पेक्टर के सॉफ्टवेयर इंजीनियर बेटे की बीते मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार की शाम शव को अशोक विहार फेज-2 स्थित उनके घर के कमरे से बरामद किया गया। मृतक की पहचान जिला हिसार के चंदन नगर गांव के मूल निवासी नवदीप सिंह (35) के रूप में हुई है।
वह पत्नी सीमा और तीन साल की बेटी के साथ अशोक विहार फेज-2 स्थित घर में रहता था। वह डीएलएफ क्षेत्र स्थित एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। पुलिस मौके पर पहुंची तो मृतक की पत्नी अपनी बेटी के साथ गायब मिली। पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। शाम को हिसार के ऋषि नगर के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों की शिकायत पर सेक्टर-5 थाने में पत्नी, ससुर व साले के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। बुधवार को पुलिस ने पत्नी, ससुर व साले को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पिता कृष्ण कुमार हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं और हिसार के बरवाला थाने में तैनात हैं। पिता ने सेक्टर-5 थाने में शिकायत में बताया कि वे मंगलवार को बेटे नवदीप को फोन कर रहे थे, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद कृष्ण कुमार ने अपने पड़ोसी को सूचना दी। पड़ोसी ने घर में जाकर देखा तो कमरे में नवदीप सिंह का शव पड़ा हुआ था। पुलिस टीम जब अशोक विहार फेज-2 स्थित घर पर पहुंची तो शव बिस्तर के पास फर्श पर पड़ा था और उसके गले में चादर बंधी हुई थी।
उस वक्त घर में और कोई नहीं था। मृतक के परिजनों ने झगड़े के बाद बेडशीट से गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई है। वहीं, पड़ोसियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। पिता कृष्ण कुमार ने पत्नी, ससुर व साले पर उनके बेटे की हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पोस्टमार्टम में मृतक के सिर, मुंह पर चोट के निशान और गले पर भी निशान मिले हैं।
गुरुग्राम के सेक्टर पांच थाना प्रभारी सुखबीर ने बताया कि नवदीप की शादी वर्ष 2015 में सीमा के साथ हुई थी और उनकी तीन साल की बेटी है। शव मिलने की सूचना पाकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मृतक की पत्नी अपनी बेटी के साथ घर पर नहीं मिली।