हिसार। हरियाणा स्टेट हेल्थ रिसोर्स सेंटर (एचएसएचआरसी) ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत सरकारी अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधा देने पर जिले के 20 स्वास्थ्य केंद्रों को कायाकल्प का बजट जारी किया गया है। शहर पायदान में 13 वें नंबर पर है। सबसे अधिक अग्रोहा पीएचसी को दो लाख रुपये का बजट मिला है। कायाकल्प के जरिए मिलने वाले बजट को अस्पताल में मरीजों को सुविधा देने के लिए लगाया जाएगा।
सीएमओ डॉ. सपना गहलोत ने बताया कि पिछले साल कायाकल्प की टीम ने जिले के सरकारी अस्पतालों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अस्पतालों में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं को देखा गया। उपकरणों और दवाइयों का स्टॉक भी जांचा गया था। उन्होंने बताया कि अग्रोहा पीएचसी को एक रैंक मिलने पर दो लाख रुपये का बजट मिलेगा। इसके अलावा पीएचसी चौधरीवास, लांधड़ी, नलवा और कैमरी को 50-50 हजार का बजट मिलेगा। इसके अलावा सीएचसी सीसवाल, मिर्चपुर और खांडा खेड़ी को एक-एक लाख रुपये का बजट जारी किया है।
उन्होंने बताया कि जिले के 12 आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का नाम भी कायाकल्प में शामिल है। मुकलान आयुष्मान आरोग्य केंद्र को एक रैंक मिलने पर एक लाख रुपये, दूसरे नंबर पर फ्रांसी और सीसवाला को 50-50 हजार रुपये का बजट मिलेगा। इसके अलावा कोहली, देपल, किरतान, कुलेरी, नियाणा, मात्रश्याम, खासा महाजान, भाटला और सुंडावास को 25-25 हजार रुपये का बजट जारी किया गया है।