सिंगर मासूम शर्मा के खिलाफ शिकायत लेकर थाने पहुंचे उनके फैंस
हिसार। हरियाणा के मशहूर गायक मासूम शर्मा फिर विवादों में हैं। एक प्रशंसक ने उनपर फोन तोड़ने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। मुल्तानी चौक निवासी रिंकू ने आजाद नगर थाने में गायक और कार्यक्रम आयोजक सजल जैन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि पुलिस ने अभी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
मासूम शर्मा नववर्ष की पूर्व संध्या पर बुधवार को तोशाम रोड स्थित एक रिसॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह लौट रहे थे तो कुछ लोग उनके के साथ फोटो खिंचवा रहे थे। रिंकू ने गायक के साथ सेल्फी लेने का प्रयास किया। आरोप है कि गायक ने उनका फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया। नीचे गिरते ही फोन टूट गया। इसके बाद गायक ने उसके साथ बदसलूकी भी की। विरोध करने पर गायक ने गाली-गलौज किया। वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह मामले को शांत कराया। इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ आजाद नगर थाने पहुंचा और मामले की शिकायत पुलिस को दी। साथ ही घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया जो काफी वायरल हो रहा है।
आजाद नगर थाने से जांच अधिकारी दलबीर सिंह का कहना है कि देर रात रिंकू ने गायक और आयोजक के खिलाफ शिकायत दी थी। इस मामले में दोनों पक्षों से बात की जाएगी।