हिसार। रेहड़ी-पटरी लगाने वाले छोटे कारोबारियों को अब क्रेडिट कार्ड की सुविधा मिलेगी। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 के तहत रेहड़ी चालकों को यह कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे अपने व्यापार को आगे बढ़ा सकें। खास बात यह है कि पांच साल तक क्रेडिट कार्ड के उपयोग पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 लागू की गई है। इसके तहत रेहड़ी चालकों को मिलने वाली ऋण राशि में भी बढ़ोतरी की गई है। पीएम स्वनिधि योजना 1.0 के तहत रेहड़ी चालकों को काम शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने के लिए 10 हजार, 20 हजार और 50 हजार रुपये तक का ऋण दिया जाता था। अब योजना 2.0 में यह राशि बढ़ाकर 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये कर दी गई है। इसके साथ ही योजना के पात्र लाभार्थियों को क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
-
ये उठा सकेंगे क्रेडिट कार्ड सुविधा का लाभ
इस योजना के तहत क्रेडिट कार्ड की सुविधा केवल उन रेहड़ी चालकों को दी जाएगी, जो 50 हजार रुपये तक का ऋण लेने के पात्र हैं।
क्रेडिट कार्ड की सीमा 30 हजार रुपये होगी।
कार्ड का पांच साल तक कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
कार्ड के उपयोग के बाद 45 दिन तक कोई ब्याज नहीं देना होगा।
-
फोन कर लाभार्थियों को बुला रहा निगम
योजना का लाभ देने के लिए नगर निगम की ओर से लाभार्थियों को फोन कर संपर्क किया जा रहा है। उनसे पूछा जा रहा है कि वे योजना का लाभ लेना चाहते हैं या नहीं। कई रेहड़ी संचालकों ने योजना में रुचि दिखाई है, जबकि कुछ ने योजना का लाभ लेने से इन्कार भी किया है। पीएम स्वनिधि योजना 1.0 के तहत जिले में करीब 9 हजार रेहड़ी चालकों ने ऋण सुविधा का लाभ उठाया था।
-पीएम स्वनिधि योजना 2.0 में 50 हजार रुपये तक के ऋण के पात्र रेहड़ी चालकों को क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी जा रही है। यह कार्ड उसी बैंक की ओर से जारी किया जाएगा, जिस बैंक से संबंधित रेहड़ी चालक का ऋण स्वीकृत हुआ है।
- सुनील वर्मा, एपीओ, सीपीओ ब्रांच, नगर निगम।