विद्युत नगर में श्री बद्री केदार रामलीला के मंच पर अभिनय निभाते कलाकार।
हिसार। विद्युत नगर में श्री बद्री केदार रामलीला समिति की ओर से मंगलवार से रामलीला का मंचन शुरू हुआ। रामलीला के पहले दिन नारद मोह, रावण अत्याचार और पृथ्वी व्यथा का मंचन हुआ।
रामलीला में दिखाया गया कि भगवान विष्णु ने विश्व मोहिनी के स्वयंवर में नारद को बंदर का रूप देकर उनका अहंकार तोड़ा। वहीं दूसरी और रावण अपने भाई कुंभकरण व विभीषण के साथ घनघोर तपस्या से प्रसन्न होकर ब्रह्मा से वरदान प्राप्त कर रावण ने देवलोक और पृथ्वीलोक में धार्मिक अनुष्ठानों में बाधा डाली और हिमालय पर्वत को हिलाया। बुधवार को राम और रावण जन्म की लीला का मंचन होगा। वहीं बुधवार को राम जन्म का मंचन किया जाएगा।
रामलीला में वृंदावन से पहुंचे स्वामी देवेंद्र बृजवासी महाराज के निर्देशन में 20 कलाकारों द्वारा मंचन दिखाया जा रहा है। रामलीला देखने के लिए रात तक दर्शक बैठे रहे। मुख्य अतिथि के रूप में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम से वित्त विभाग के डायरेक्टर रत्न कुमार वर्मा पहुंचे। अध्यक्षता चीफ इंजीनियर राजेंद्र कुमार सभरवाल ने शिरकत की। अति विशिष्ट अतिथि इंजीनियर एफआर नकवी पहुंचे। इस मौके पर महेंद्र बडोला, मुकेश रावत, जगतराम जोकर, उपेंद्र शर्मा, अनिल भट्ट, गजेंद्र गुसाईं, दयाकिशन हरबोला आदि मौजूद रहे। विद्युत नगर में तीसरी बार वृंदावन के कलाकार रामलीला का मंचन कर रहे हैं। रामलीला देखने के लिए आसपास के अलावा दूर-दराज से भी लोग पहुंचे हैं।