हिसार। पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में सात वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी आरोपी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दर्ज रंजिशन झगड़ा, शराब ठेका सेल्समैन से मारपीट और आम लड़ाई-झगड़े से संबंधित मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सदलपुर निवासी भीम सिंह, फतेहाबाद जिले के धारणिया निवासी महेंद्र सिंह, मतलोढ़ा निवासी नवीन, जसबीर और नवीन, तथा बरवाला वार्ड-16 निवासी चुन्नीलाल और विजय शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, टीमों ने लगातार की गई निगरानी, गुप्त सूचनाओं और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों के ठिकानों की पहचान की। इसके बाद विशेष दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई थाना बरवाला और थाना आदमपुर पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य फरार व्यक्तियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
बुलेट बाइक से पटाखे बजाने पर 12 चालान
माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। विशेष यातायात जागरूकता अभियान के तहत पुलिस ने यातायात नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। जिला निरीक्षक तनेज पाल ने बताया कि अभियान के दौरान बीते सप्ताह में 312 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें बिना नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म लगे वाहन और ट्रिपल राइडिंग करने वाले चालक शामिल थे। इसके अलावा बुलेट मोटरसाइकिल से तेज आवाज में पटाखे बजाने पर 12 चालान जारी किए गए। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वाले 60 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि ड्रिंक एंड ड्राइव करते हुए पकड़े गए 35 चालकों पर कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाना, सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखना, और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुचारू यातायात व्यवस्था प्रदान करना है।