कैंप में जाने से पहले साई में खिलाड़ियों के साथ पहलवान अंतिम पंघाल और निशु।
हिसार। सीनियर वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप में साई की पहलवान अंतिम पंघाल, राधिका और निशु दमखम दिखाएगी। चैंपियनशिप क्रोशिया में 13 से 18 सितंबर तक होगी।
फिलहाल तीनाें बेटियां क्रोएशिया में चल रहे कैंप में प्रशिक्षण ले रही हैं। कैंप अगस्त माह से चल रहा है। तीनों बेटियों ने इस चैंपियनशिप में कोच से स्वर्ण पदक जीतने का दावा किया है। अंतिम पंघाल 53 किलोग्राम, निशु 55 किलोग्राम और राधिका 68 किलोग्राम भारवर्ग में हिस्सा लेंगी।
पिछले साल पहलवान अंतिम पंघाल में पेरिस ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व किया था। मूलरूप से गांव भगाना की रहने वाली अंतिम पंघाल फिलहाल अपने परिवार के साथ आजाद नगर में रह रही हैं। वह राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक अपने नाम कर चुकी हैं।
पहलवान अंतिम अंडर-20 एशियन चैंपियनशिप, अंडर-20 जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक पर कब्जा कर चुकी हैं। इसी प्रकार उसने अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप में रजत और सब जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। अंतिम साई में कोच सुनील ढुल, सियानंद दहिया, राजेश नांदल, कृष्ण, संजू जाखड़, कृष्ण लांबा और प्रदीप कुमार के पास प्रशिक्षण ले रही हैं।
सीनियर एशियन चैंपियनशिप खेल चुकी निशु : कोच सुनील ढुल ने बताया कि निशु जींद की रहने वाली है। मगर दो साल से साई में अभ्यास कर रही हैं। वह सीनियर एशिएन चैंपियनशिप में दमखम दिखा चुकी हैं। इस चैंपियनशिप में तीनों पहलवानों से पदक की उम्मीद है। तीनों बेटियां बेहतरीन खिलाड़ी हैं और पदक जीत देश का नाम रोशन कर चुकी हैं।